हैरी और मेगन ने छह साल से अधिक समय पहले शाही जिम्मेदारियां छोड़ दी थीं और आर्थिक रूप से स्वतंत्र जीवन जीने के लिए कैलिफोर्निया चले गए थे। वहां उन्होंने ‘नेटफ्लिक्स’ और ‘स्पॉटिफाई’ जैसी कंपनियों के साथ आकर्षक करार किए थे।Prince Harry, Meghan : प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन ने ब्रिटेन लौटने का फैसला किया है लेकिन वे शाही परिवार के कामकाजी सदस्यों के रूप में अपनी भूमिकाएं दोबारा नहीं संभालेंगे। ब्रिटेन की मीडिया ने बुधवार देर रात यह जानकारी दी। समाचारपत्र ‘डेली टेलीग्राफ’ की खबर के अनुसार, दंपति के बच्चों प्रिंस आर्ची (सात) और प्रिंसेस लिलिबेट (पांच) का ब्रिटेन के विद्यालयों में दाखिला हो चुका है और वे सितंबर से अपनी पढ़ाई शुरू करेंगे। खबर के मुताबिक, यह परिवार लंदन के बाहर एक निजी आवास में रहेगा।
परिवार के साथ कैलिफोर्निया चले गए थे हैरी
हैरी और मेगन ने छह साल से अधिक समय पहले शाही जिम्मेदारियां छोड़ दी थीं और आर्थिक रूप से स्वतंत्र जीवन जीने के लिए कैलिफोर्निया चले गए थे। वहां उन्होंने ‘नेटफ्लिक्स’ और ‘स्पॉटिफाई’ जैसी कंपनियों के साथ आकर्षक करार किए थे। इसके बाद ब्रिटेन के शाही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनके रिश्तों में तल्खी आई, लेकिन ऐसी खबरें सामने आईं कि हैरी ने सुलह की इच्छा जताई है ताकि वह अपने पिता महाराजा चार्ल्स तृतीय के साथ अधिक समय बिता सकें। महाराजा चार्ल्स तृतीय बीमार हैं और उनका कैंसर का इलाज चल रहा है।
प्रिंस चार्ल्स को लौटने की योजना की जानकारी दी गई
महाराजा चार्ल्स को रविवार को दंपति की ब्रिटेन लौटने की योजना की जानकारी दी गई। हालांकि, पिछले महीने हैरी और मेगन की ब्रिटेन यात्रा के दौरान उन्हें इस बारे में नहीं बताया गया था। बकिंघम पैलेस की गैर-कामकाजी शाही सदस्यों से जुड़ी अटकलों पर टिप्पणी नहीं करने की नीति है। हैरी और मेगन के प्रतिनिधि ने भी इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।










































