शासन द्वारा निर्धारित नियमितीकरण पर प्रश्न चिन्ह अंकित करने, अन्य सफाई कर्मचारियों को एकत्र कर कार्यालयीन कार्य में बाधा उत्पन्न करने,स्थाई कर्मी योजना के संदर्भ में शासन के पत्र को सोशल मीडिया के माध्यम से अन्य कर्मचारियों को भेजकर उन्हें भ्रमित करने ,सफाई कर्मचारियों को भड़काने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले एक मामले में नगर पालिका द्वारा 8 सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह नोटिस नपा द्वारा देर शाम जारी किए गए जहां नोटिस जारी होते ही कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
आपको बताएं कि इसके पूर्व अपने कर्तव्यों का ठीक से पालन ना करने, कार्य में लापरवाही, उदासीनता बरतने और टारगेट के अनुरूप टैक्स की वसूली ना करने के मामले में पिछले दिनों राजस्व विभाग के 27 कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया था जिसके बाद नपा ने अब 8 सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी सतीश मटसेनिया ने बताया कि नियम विरुद्ध कार्य करने, कर्मचारियों को भड़काने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित अन्य मामलों को लेकर 8 सफाई कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिन्हें 3 दिनों की मोहलत देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।यदि इन 3 दिनों के भीतर सभी कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं देते तो प्रशासक की सहमति लेकर सभी 8 सफाई कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी।










































