रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। बाणसागर परियोजना में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर काम करने वाली महिला की जगह उसका पति काम करता रहा। इस दौरान उसने 55 लाख रुपए का घोटाला किया। उसने एक मृत कर्मचारी के खाते में 35 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रीवा पुलिस ने पति और पत्नी दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह घोटाला 3 साल तक चला।
महिला को मिली थी कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी
बाणसागर परियोजना के तहत क्योंटी नहर संभाग में यह फर्जीवाड़ा हुआ। दुर्गेश गुप्ता नाम की महिला को कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर नौकरी मिली थी। लेकिन, उसकी जगह उसका पति संतोष गुप्ता काम करता था। यह बात विभाग को पता नहीं थी। संतोष गुप्ता कई सालों से यह काम कर रहा था।
मृतक कर्मचारी के रुपए अपने खाते में ट्रांसफर किए
मई 2020 में परियोजना के एक कर्मचारी, गिरीश कुमार मिश्रा का निधन हो गया। उनके वेतन का 1.6 लाख रुपए बकाया था। लेकिन, संतोष गुप्ता ने फर्जी तरीके से 35.53 लाख रुपए मिश्रा के खाते में डलवा दिए। बाद में, उसने वह पैसा अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। यह सब विभाग की नजरों से छिपा रहा।










































