लालबर्रा (पद्मेश न्यूज)। नगर मुख्यालय से लगभग ४ किमी. दूर ग्राम पंचायत बकोड़ा में करोड़ों रूपयों की लागत से सर्वसुविधायुक्त कृषि उपज मंडी का निर्माण ४ से ५ वर्ष पूर्व किया गया है। ताकि क्षेत्रीय किसानों की धान सहित अन्य उपज की खरीदी की जा सके। लेकिन प्रशासन की उदासीनता के चलते मंडी प्रांगण में खरीदी नही होने से किसानों को मजबूरन वारासिवनी कृषि उपज मंडी में अपनी उपज विक्रय करना पड़ रहा था। साथ ही लंबे समय से किसानों के द्वारा बकोड़ा स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में धान की खरीदी शुरू करवाने की मांग मंडी प्रशासन से कर रहे थे। जिसके बाद मंडी प्रशासन के द्वारा लालबर्रा क्षेत्र में लायसेंसधारी व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित कर मंडी में धान खरीदी करने का प्रस्ताव रखा था और व्यापारियों ने अपनी सहमति भी दिये थे। व्यापारियों की सहमति मिलने के बाद १५ मई से कृषि उपज मंडी समिति लालबर्रा के द्वारा बकोड़ा स्थित सर्वसुविधायुक्त मंडी प्रांगण में धान की खरीदी कार्य का श्रीगणेश किया गया है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा अर्चना कर धान खरीदी कार्य प्रारंभ करवाया। वहीं प्रथम दिन व्यापारियों के द्वारा बोली लगाकर ४ क्विंटल धान किसान से खरीदी की गई है जिसका भुगतान भी नगद किया गया। इस तरह से ५ साल से बनकर तैयार हुए कृषि उपज मंडी प्रांगण में कृषि उपज मंडी समिति लालबर्रा के द्वारा धान खरीदी कार्य का श्रीगणेश किया गया है एवं व्यापारियों के द्वारा १५ मई से ई-मंडी के माध्यम से बोली लगाकर धान खरीदी की जा रही है। साथ ही मंडी में धान खरीदी कार्य शुरू हो जाने से किसानों को उपज का दाम भी अ’छा मिलेगा क्योंकि व्यापारी के द्वारा धान की बोली लगाई जाती है जिसमें जो व्यापारी धान की बोली अधिक दाम पर लगाता है उसे किसान अपनी उपज विक्रय करते है। जिससे किसान को लाभ मिलेगा। वहीं कृषि उपज मंडी शुरू नही होने के कारण पूर्व में अधिकांश किसान वारासिवनी कृषि उपज मंडी दुर होने के कारण लालबर्रा के व्यापारियों को दुकानों में कम दाम पर ही अपनी उपज विक्रय कर देते थे। लेकिन अब बकोड़ा मंडी प्रांगण में धान खरीदी का कार्य शुरू हो जाने से अब किसान मंडी में ही व्यापारियों को अपनी उपज विक्रय करेगें जिससे उन्हे उनकी फसल का दाम भी अच्छा मिलेगा और मंडी प्रशासन को राजस्व भी प्राप्त होगा। साथ ही ई-मंडी के माध्यम से उपज विक्रय करने पर किसानों को नगद/आर.टी.जी.एस/एन.ई.एफ.टी. से भुगतान किया जा रहा है। जिससे किसानों को उपज विक्रय करने के बाद समय पर भुगतान भी मिल जायेगा। वहीं खरीदी शुरू होने के प्रथम दिन महज ४ क्विंटल ही धान की खरीदी हुई है, जिसका मुख्य कारण है कि कृषि उपज मंडी समिति लालबर्रा के द्वारा मंडी प्रांगण बकोड़ा में नीलामी (ई-मंडी) के माध्यम से १५ मई से धान की खरीदी शुरू करने के बारे में प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर नही किया गया है। जिसके कारण अधिकांश किसानों को जानकारी नही है कि बकोड़ा कृषि उपज मंडी में धान सहित अन्य फसलों की खरीदी प्रारंभ हो चुकी है और ई-मंडी के माध्यम से व्यापारियों के द्वारा खरीदी की जा रही है इसलिए प्रथम दिन बहुत कम कृषक अपनी उपज लेकर पहुंचे थे। लेकिन जैसे-जैसे किसानों को जानकारी लगेगी कि बकोड़ा कृषि उपज मंडी में धान की खरीदी की जा रही है तो वे धीरे-धीरे अपनी उपज लेकर विक्रय करने पहुंचेगें। वहीं बकोड़ा मंडी प्रांगण में धान की खरीदी शुरू होने से अब स्थानीयजनों को रोजगार भी मिलेगा।










































