दो लड़कियों ने शादी की तो दुश्मन बन गया जमाना; प्रेम, परंपरा और परिवार के बीच अखाड़ा बना थाना

0
  • प्रेम दो दिलों के बीच का संबंध है, जिस पर जमाने का जोर नहीं चलता। लेकिन जमाना है कि प्रेम को अपने अलग चश्मे से देखता है और अपने ही ढर्रे पर चलाना चाहता है। फिर भी प्रेम अपने लिए रास्ता ढूंढ ही लेता है। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के सिविल थाना क्षेत्र से अजब प्रेम की एक कहानी सामने आई है, जिसने परंपराओं, परिजनों और पुलिस को असमंजस में डाल दिया है।
  • मामला दो युवतियों के प्रेम का है। यह दोनों युवतियां पिछले पांच सालों से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थीं और आखिरकार उन्होंने अपने प्यार को सादी के बंधन में बांधने का फैसला भी कर लिया। जानकारी के मुताबिक बजरंग नगर निवासी 23 साल की अंजली रैकवार और दुर्गा कॉलोनी निवासी 21 वर्ष की मोहिनी कुशवाहा को एक-दूसरे से प्रेम है। दोनों पिछले पांच वर्षों से रिश्ते में हैं।
  • इस संबंध में अंजली का कहना है कि समाज की नजरों से दूर उनका प्रेम संबंध पिछले पांच सालों से चल रहा था। दोनों ने 12 जनवरी को बागेश्वर धाम पहुंचकर आपसी सहमति से शादी भी कर ली। लेकिन दो लड़कियों के प्रेम प्रसंग और शादी की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, उनके गुस्से ने आसमान छू लिया। गुस्से के इस ताप ने दोनों लड़कियों के प्रेम को झुलसा दिया।
  • मोहिनी के परिजन इस रिश्ते से कतई सहमत नहीं हुए और मामला थाने जा पहुंचा। इससे पहले ही दोनों लड़कियों की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करवा दी गई थी। पुलिस ने दोनों लड़कियों को पकड़ा और थाने ले आई। थाने में उस समय जबरदस्त ड्राम हुआ, जब मोहिनी के परिजन उसे जबरदस्ती घर ले जाने लगे। बस फिर क्या था, देखते ही देखते सिविल लाइन थाने के बाहर हंगामा शुरू हो गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों युवतियों को थाने के अंदर बिठा लिया।
  • कुछ देर में हालात काबू में आए तो पुलिस ने दोनों युवतियों को समझाया। समझाने के बाद दोनों को अपने-अपने परिजनों के पास भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और सभी कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। दो युवाओं के प्रेम संबंध की यह कहानी हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है। इस कहानी ने थाने को प्रेम, परंपरा और परिवार के बीच अखाड़ा बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here