पदमेश न्यूज़,बालाघाट। देवों के देव महादेव के पावन पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी सिंधी समाज द्वारा वैनगंगा नदी के किनारे स्थित महामृत्युंजय घाट पर भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूज्य सिंधी पंचायत समिति बालाघाट द्वारा आयोजित है, महाशिवरात्रि के अवसर आयोजित इस मेले में बालाघाट ही नही अपितु अन्य जिलो से भी सिंधी समाज और भक्तों का जनसैलाब उमड़ता है।15 फरवरी को आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि मेले को लेकर 10 फरवरी को एसडीएम गोपाल सोनी ने पूज्य सिंधी पंचायत के पदाधिकारियो के साथ मेले स्थल का निरीक्षण किया, इस दौरान नवागत नगरपुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, कोतवाली थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी व समाजिक जन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
व्यवस्था बनाने को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
स्थानीय महामृत्युंजय घाट पर पुल निर्माण का कार्य भी प्रारंभ है, जिसको लेकर यहां व्यवस्थाओं को लेकर और श्रद्धालुओ को लेकर किसी भी प्रकार की कोई समस्या ना हो इस विषय को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक तैयारियां की गई। जहां मेले में पहुंचमार्ग, वाहनो की पार्किंग सहित अन्य तैयारियो को लेकर एसडीएम गोपाल सोनी ने समाजिक जनो से चर्चा की। चर्चा के दौरान एसडीएम गोपाल सोनी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन पूज्य सिंधी पंचायत के द्वारा मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें 15 हजार के आसपास श्रद्धालुओ के पहुंचने की संभावना रहती है, चूंकि वर्तमान में महामृत्युंजय घाट पर पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ है वही वैनगंगा नदी का जल स्तर भी बढ़ा हुआ है, जिसको लेकर सभी सुरक्षा दृष्टिकोण से भ्रमण कर संबंधित विभाग को व्यवस्थाओ को पूर्ण करने के निर्देश दिये गये है।









































