पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सरंडी में नल जल योजना संचालन में ट्यूबवेल समस्या बनी हुई है। जहां पर आगामी समय में योजना में खराबी आने की संभावना बनी हुई है, जिसको लेकर ग्रामीणों के द्वारा पीएचई विभाग से पूर्व की शिकायतों पर संज्ञान लेने की मांग की जा रही है। क्योंकि वर्तमान में नल जल योजना दो ट्यूबवेल के माध्यम से संचालित की जा रही है जिससे लोगो को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा हैं। योजना के चार ट्यूबवेल खराब पड़े हुए हैं जिसकी सफ ाई और सुधार कार्य की जरूरत है। जिसके लिए विभाग को पंचायत के द्वारा पत्र भी लिखा गया है किंतु वर्तमान तक इस पर विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया है। जिससे नल जल योजना को लेकर लोग डरे हुए हैं क्योंकि आगे गर्मी का मौसम आने वाला है। जिससे ट्यूबवेल के जल स्तर पर फ र्क पड़ेगा।
नलजल योजना में दो ट्यूबवेल चालू चार ट्यूबवेल बंद
सरंडी में मध्य प्रदेश शासन के द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के माध्यम से जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत ग्राम में नल जल योजना स्वीकृत की गई थी। जिसमें ७५००० लीटर की पानी की टंकी एवं २०००० लीटर का सम्पवेल ग्राम में हर घर नल हर घर जल उपलब्ध कराने के लिए निर्माण किया गया। इस नल जल योजना की पानी टंकी को भरने के लिए ग्राम में ६ ट्यूबवेल का खनन किया गया। जिसके माध्यम से टंकी एवं संपवेल में पानी भरकर नल जल योजना के माध्यम से ग्राम में वितरण किया जाता था। परंतु समय के साथ एक ट्यूबवेल खराब हो गया जिसके बाद तीन ट्यूबवेल भी बंद हो गए। इस प्रकार वर्तमान में दो ट्यूबवेल के माध्यम से पूरी योजना चल रही है और अब गर्मी का मौसम आने वाला है। जिसमें स्वत: भूमिगत जल स्तर कम होता है ऐसे में समस्या प्रारंभ हो गई है वैसे भी ग्राम में समस्त ग्रामीणों को पर्याप्त पानी प्राप्त नहीं हो पा रहा है। जरूर से कम पानी हर किसी को मिल रहा है जिसका कारण लगातार ट्यूबवेल खराब होना है। निकट भविष्य में ग्रामीणों को होने वाली पानी की समस्या परेशान कर रही है। जिसको लेकर ग्राम पंचायत के माध्यम से पूर्व में कई बार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मौखिक और शिकायत पत्र देकर शिकायत की जा चुकी है। किंतु विभाग के द्वारा वर्तमान तक इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया है जिसका कारण है कि उक्त ट्यूबवेल यथावत स्थिति में पड़े हुए हैं।
ग्रामीणों को नही मिल रहा पर्याप्त पानी-रवि गौतम
ग्रामीण रवि गौतम ने बताया कि नल जल की स्थिति ग्राम में यह है कि हमारे यहां पीएचई के माध्यम से योजना तैयार की गई है। उसमें ६ नलकूप खोदे गए थे उसमें दो नलकूप वर्तमान में चालू है एक नलकूप बंद हो गया है। तीन नलकूप में पानी बचा नहीं है वाटर लेवल अब नीचे जा रहा है इस नलकूप को साफ करवाना बहुत जरूरी है। इसके लिए विभाग को पंचायत के द्वारा दो बार पत्र जारी कर सूचना भी दी गई है। परंतु वर्तमान तक पीएचई विभाग के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया है। नल जल योजना से समस्या तो है ही पानी सभी को मिल रहा है परंतु जरूरत के अनुसार नहीं मिल रहा है जैसे एक परिवार को १०० लीटर पानी की जरूरत है तो उसे ६० लीटर पानी ही मिल पा रहा है। पंचायत भी सक्षम नहीं है इसमें पंचायत दोषी नहीं दोषी पीएचई है जो ध्यान नहीं दे रही है। इस नलकूप को साफ करवरकर पर्याप्त पानी की व्यवस्था विभाग को करनी चाहिए।
विभाग की लापरवाही से ग्रामीणजन परेशान है- पंकज राहगंडाले
पंकज राहगंडाले ने बताया कि ग्राम में नल जल योजना संचालित है जिससे लोगों को पानी भी मिल रहा है। परंतु पर्याप्त पानी नहीं मिलने से पानी की समस्या गांव में बनी है क्योंकि सही तरीके से पानी नहीं मिल रहा है। इसका प्रमुख कारण हमारे यहां चार ट्यूबवेल बंद पड़े हुए हैं उसे साफ कर चालू करने की जरूरत है। परंतु पीएचई विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रही है और ना ही समस्या का समाधान कर रहा है। इसमें विभाग लापरवाही बरत रहा है ६ में दो नलकूप चालू है और आगे गर्मी आनी है। लोगों को पानी की समस्या वैसे भी होगी क्योंकि जल स्तर घटेगा समस्या बढ़ेगी उसे ध्यान में रखते हुए पीएचई विभाग को कम करना चाहिए कहीं ऐसा ना हो कि पानी के अभाव में योजना बंद हो जाये।










































