नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर का शानदार चेजिंग रिकॉर्ड दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बीते शनिवार को भी जारी रहा। पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड 265 रन का टारगेट दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चेज कर दिया। यह आईपीएल का सबसे बड़ा रन चेज था।
पीबीकेएस के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेली और 36 गेंद में नाबाद 71 रन ठोके। उनके बल्ले से 3 चौके और 7 छक्के देखने को मिले। अय्यर का स्ट्राइक रेट 197 का था। अब उनकी जमकर सरहाना भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी की है।
इरफान पठान ने श्रेयस अय्यर को लेकर क्या कहा?
इरफान पठान ने श्रेयस अय्यर को लेकर एक्स पर ट्वीट किया है। उन्होंने कहा है कि अगर चेज मास्टर का टैग विराट कोहली के बाद कोई डिजर्व करता है तो वह श्रेयस अय्यर हैं। इरफान पठान ने लिखा, ‘विराट कोहली के बाद अगर चेज मास्टर का टैग कोई डिजर्व करता है तो वह श्रेयस अय्यर हैं। काम, कम्पोज्ड और प्रेशर में हर बार क्लच पारी।’
रन चेज में गजब का है श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड
बता दें कि 2024 में श्रेयस अय्यर ने अपनी कप्तानी में केकेआर को 10 साल बाद आईपीएल का खिताब जिताया था। तब से बतौर लीडर उनकी काफी सरहाना की जाती है। वहीं लीडरशिप के साथ-साथ अय्यर ने बतौर बल्लेबाज भी कमाल किया है। खासकर रन चेज के दौरान तो उनका रिकॉर्ड काफी जबरदस्त रहा है। उन्होंने 15 मैचों में 138.40 की औसत से 692 रन बनाए हैं। उनका 175.68 का स्ट्राइक रेट रहा है। उनके बल्ले से 8 फिफ्टी देखने को मिली हैं।
इस दौरान केवल आरसीबी के विराट कोहली ही उनसे आगे रहे हैं। कोहली ने 12 पारियों में 99.85 की औसत से 699 रन बनाए हैं, जिसमें नौ फिफ्टी शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 151.95 का रहा है।










































