देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 एक बार फिर विवादों में आ गई है। भारत सरकार की मंजूरी के बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को रद (NEET Exam Cancelled) करने और नई तारीखों पर दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। यह निर्णय कथित पेपर लीक और गेस पेपर नेटवर्क की जांच के बीच लिया गया है।
परीक्षा के लिए फिर से किसी भी नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी, और न ही कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा जो फीस पहले ही जमा की जा चुकी है, वह छात्रों को वापस कर दिया जाएगा और परीक्षा NTA के अपने आंतरिक संसाधनों का उपयोग करके दोबारा आयोजित की जाएगी।
SOG ने किया था ये दावा
जांच एजेंसियों के अनुसार राजस्थान के सीकर, केरल और देहरादून तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस मामले में राकेश मंडावरिया का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का दावा है कि परीक्षा से पहले 410 सवालों वाला एक प्रश्न बैंक छात्रों तक पहुंचाया गया था। इनमें से करीब 120 सवाल वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए हैं। मामले में अब तक 15 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है और विभिन्न एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं।










































