देवास। एबी रोड पर जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर टोंककला में पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट के दौरान घायल हुए तीन से चार श्रमिकों की हालत इंदौर व देवास के निजी अस्पतालों में नाजुक बनी हुई है।उधर सामान्य रूप से घायल 11 श्रमिकों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, इनमें से दो को गुरुवार को ही डिस्चार्ज कर दिया गया था। शेष नाै की हालत में सुधार होने के बाद शुक्रवार दोपहर तहसीलदार सपना शर्मा, नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल के जनरल वार्ड में पहुंचे।यहां डाक्टर द्वारा सभी की जांच के बाद स्थिति सामान्य पाए जाने पर इनको डिस्चार्ज कर दिया गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे संतोष कुमार निवासी गढ़िया गोविंदपुर सुपौल बिहार, शशिकुमार पासवान निवासी कतइया सुपौल बिहार, नासिर निवासी गोखलापुर अररिया बिहार सहित छह अन्य को तहसीलदार के वाहन व दो अन्य वाहनों से जिला अस्पताल से रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया।नायब तहसीलदार गुर्जर ने बताया कि सभी हालत सामान्य होने पर डाक्टर ने डिस्चार्ज किया है, सभी को देवास से इटारसी पहुंचाया जा रहा है, वहां से दूसरी ट्रेन से यह लाेग दरभंगा के लिए रवाना होंगे। उधर शुक्रवार को घटनास्थल पर तीन अलग-अलग टीमें पहुंची और जांच शुरू की है। इन टीमों में कलेक्टर ऋतुराज सिंह द्वारा गठित टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, श्रम विभाग, औद्योगिक सुरक्षा के अधिकारी शामिल हैं। दूसरी टीम एफएसएल भाैतिक, रसायन विशेषज्ञों की है। तीसरी टीम विविकं की बड़े स्तर की है जो फैक्टरी में लगे ट्रांसफार्मर के लोड आदि की जांच कर रही है।
हमारे मोबाइल फोन धमाके में फूटे, कपड़े वेयर हाउस में सील
डिस्चार्ज होने वाले श्रमिकों ने बताया हमारे मोबाइल फोन फैक्टरी में हुए धमाके में फूट गए थे। कपड़े, बैग आदि वेयर हाउस में रखे हैं जो सील कर दिया गया है। कुछ समझ नहीं आ रहा कि कैसे यह सामान मिलेगा। अधिकारी कह रहे हैं कि मामले की जांच के बाद ही वेयर हाउस खाेला जाएगा।










































