नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार किया है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक दिन पहले ही भोजशाला मामले को लेकर एक बयान दिया था। इस बयान को लेकर ही शहजाद ने पलटवार किया है। शहजाद ने कहा कि हिंदुओं को जब भी संवैधानिक अधिकार मिलता है तो कांग्रेस परेशान हो जाती है। आइए आपको बताते हैं कि शहजाद पूनावाला ने क्या कहा।
कांग्रेस ने हिंदुओं के खिलाफ बात की- पूनावाला
यह दिग्विजय सिंह की तुष्टीकरण की प्रयोगशाला है, जो उनसे भोजशाला के बारे में ऐसी बातें कहलवा रही है। हिंदुओं को अदालत से कानूनी तौर पर उनके पक्ष में फैसला मिला, लेकिन दिग्विजय सिंह इसे हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा मान रहे हैं। उनकी पार्टी ने हमेशा हिंदुओं और उनकी संस्कृति के खिलाफ बात की है, जैसे ‘हिंदू आतंकवाद’ की बात। क्या आप यह कहना चाहते हैं कि अदालत हिंदू-मुस्लिम कर रही है? जब भी हिंदुओं को उनके संवैधानिक अधिकार मिलते हैं, तो कांग्रेस परेशान हो जाती है।
भोजशाला मामले पर दिग्विजय ने क्या कहा
दिग्विजय सिंह ने भोजशाला मामले को लेकर कहा था कि इस प्रकरण पर थोड़ा सा अध्ययन करने की जरूरत है। यह ASI की सुरक्षित धरोहर है। इस तरह के किसी भी मस्जिद, मंदिर, चर्च या गुरुद्वारे में पूजा का कोई प्रावधान कानूनी तौर पर नहीं है। अब यह मंदिर है या मस्जिद है तो इस पर ASI ने इसका सर्वे किया था। जब उमा भारती सीएम थीं तो सुमित्रा महाजन के पति सरकारी वकील थे। ASI की रिपोर्ट उन्होंने जो प्रस्तुत की थी, उसमें उन्होंने उल्लेख किया था कि यहां मंदिर का हमें कोई प्रमाण नहीं मिला।










































