अहमदाबाद: आईपीएल 2026 के लीग स्टेज का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच गया है। गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स पर एकतरफा जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल के टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है। गुजरात का नेट रन रेट फिलहाल +0.695 है। अब टॉप-2 के दूसरे पायदान के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु सबसे मजबूत दावेदार है जिसके 18 अंक और +1.065 का बेहतरीन रन-रेट है। हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद के पास भी टॉप-2 में एंट्री मारने का एक बेहद मामूली सा मौका बचा है। शुक्रवार को होने वाले मुकाबले में हैदराबाद को आरसीबी का सामना करना है जहां उसे क्वालीफायर-1 का टिकट पाने के लिए चमत्कार करना होगा।
सनराइजर्स हैदराबाद को चाहिए बड़ी जीत
सनराइजर्स हैदराबाद के फिलहाल 16 अंक हैं और उनका नेट रन-रेट +0.350 है। अगर उन्हें आरसीबी को पछाड़कर दूसरे नंबर पर आना है तो उन्हें बेंगलुरु को उसी तरह की हार देनी होगी जैसी गुजरात ने चेन्नई को दी थी। अगर पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद पहले बल्लेबाजी करती है तो उसे आरसीबी के खिलाफ कम से कम 87 से 89 रनों की विशाल जीत दर्ज करनी होगी। आंकड़े बताते हैं कि हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ जो आठ मैच जीते हैं उनमें से केवल एक बार (साल 2019 में 118 रन) ही वह 50 से अधिक रनों के अंतर से जीत दर्ज कर पाई है।










































