दांबुला: श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया ए के वाइस कैप्टन रुतुराज गायकवाड़ ने कमाल की सेंचुरी ठोक दी है। गायकवाड़ उस समय बल्लेबाजी करने आए जब टीम इंडिया ने अपने दोनों ओपनर- वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह का विकेट सस्ते में खो दिया। लेकिन इसके बाद उन्होंने पहले प्रियांश आर्य और फिर कप्तान तिलक वर्मा के साथ खड़े रहकर 112 गेंद पर शानदार शतक लगाया। हैरानी की बात यह है कि टीम के ऐलान के वक्त तक गायकवाड़ इस टीम का हिस्सा भी नहीं थे। बाद में उन्हें रियान पराग की जगह टीम में शामिल किया गया और पहले ही मैच में गायकवाड़ ने जवाब अपने बल्ले से दिया।
रुतुराज गायकवाड़ का 21वां शतक
श्रीलंका ‘ए’ के गेंदबाजों की क्लास लेते हुए गायकवाड़ ने मुश्किल परिस्थितियों में न सिर्फ भारतीय पारी को संभाला, बल्कि टीम को एक मजबूत स्कोर की तरफ भी अग्रसर किया। यह उनके लिस्ट ए करियर का 21वां शतक है, जो उनके लगातार शानदार फॉर्म को दर्शाता है।










































