टीम इंडिया के शानदार ओपनर अभिषेक शर्मा पिछले काफी समय से अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने अध्यात्म का नजरिया फैंस के साथ साझा करते नजर आए हैं। उनकी भगवान शिव में बहुत आस्था है और इस बात को वो जाहिर भी करते आए हैं। हाल में वो दक्षिण भारत में स्थित कुंबाकोनम ंमंदिर पहुंचे जहां की उन्होंने तस्वीरें साझा की हैं।
अभिषेक शर्मा ने कुंबाकोनम स्थित शिव मंदिर में ध्यान में बैठे हुई अपनी तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में वो शिव भक्ति में लीन नजर आए। कुंबाकोनम में दो दो प्रमुख शिवलिंगों के लिए प्रसिद्ध है। कुंभकोनम के आदि कुंभेश्वर मंदिर में स्थित स्वयंभू शिवलिंग और पास के नल्लूर में स्थित श्री कल्याणसुंदरेश्वर मंदिर जहां स्थित है चमत्कारिक रूप से रंग बदलने वाला शिवलिंग।
शिव भक्ति में लीन अभिषेक शर्मा ने अपनी इन तस्वीरों के साथ लिखा, “कुंबाकोनम के दिल में शांति की तलाश में। पापनासम में स्थित वो मंदिर जहां श्री राम ने 108 शिवलिंग की स्थापना की, यहां जरूर आएं।”
भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आखिरी बार आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते नजर आए थे जहां उन्होंने 15 मैचों में 563 रन बनाए थे, जिसमें 43 छक्के और 50 चौके शामिल थे। उन्होंने 4 अर्धशतक और 1 शतक लगाया था, हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम फाइनल तक पहुंचने में असफल रही थी।
अब अभिषेक शर्मा जल्द ही भारतीय टी20 टीम की तरफ से आयरलैंड की जमीन पर खेलते नजर आएंगे जहां टीम इंडिया अपने नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में खेलती नजर आएगी। आयरलैंड में अभिषेक शर्मा पहली बार भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किए गए 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। अभिषेक शर्मा उसके बाद इंग्लैंड में खेलते नजर आएंगे जहां भारतीय क्रिकेट टीम तीनों फॉर्मेट में सीरीज खेलने जा रही है।










































