राहुल द्रविड़ के बेटे में दिखी वीरेंद्र सहवाग की झलक, तूफानी बल्लेबाजी से मचाया तहलका

0

Anvay Dravid: राहुल द्रविड़ को क्रिकेट की दुनिया ‘द वॉल’ के नाम से जानती है। वह अपनी शांत, संयमित और मंझी हुई बल्लेबाजी के लिए मशहूर थे। द्रविड़ घंटों क्रीज पर डटकर गेंदबाजों की लय बिगाड़ देते थे। उनका खेल धैर्य और तकनीक की मिसाल था। इसके ठीक उलट वीरेंद्र सहवाग थे। सहवाग का बल्ला पहली गेंद से ही बोलता था। वह गेंदबाजों से डरे बिना मैदान के चारों ओर शॉट लगाते थे और तूफानी अंदाज में मैच का रुख बदल देते थे। अब द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने मैदान पर सहवाग वाली झलक दिखाई है। श्रीलंका के खिलाफ दूसरे युवा वनडे में अन्वय ने 67 गेंदों पर 87 रन की धमाकेदार पारी खेली और सबको हैरान कर दिया। पिता की तरह टिककर खेलने के बजाय अन्वय ने आक्रामक तेवर अपनाए और गेंदबाजों पर खुलकर प्रहार किया। उनकी इस पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल था।

भारत ने की पहले बल्लेबाजी

हंबनटोटा में रविवार को भारत अंडर-19 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 81 रन तक अपने चार बड़े विकेट गंवा दिए थे और दबाव में दिख रही थी। ऐसे मुश्किल समय में विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ क्रीज पर आए। उन्होंने अर्जुन राजपूत के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 145 रन की साझेदारी की और स्कोर को 221 तक पहुंचा दिया। अन्वय ने शुरू से ही तेज खेल दिखाया। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हर गेंदबाज के खिलाफ वह हावी दिखे। कवर ड्राइव हो या पुल शॉट, अन्वय ने बिना किसी डर के रन बटोरे। लग रहा था कि वह अपने पहले युवा वनडे शतक तक पहुंच जाएंगे। मगर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गिम्हान मेंडिस ने उनकी पारी पर ब्रेक लगा दिया। मेंडिस ने 41 रन देकर पांच विकेट झटके।

अन्वय ने खेली तूफानी पारी

अन्वय के आउट होते ही भारतीय पारी लड़खड़ा गई। निचले क्रम के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और टीम ने आखिरी तीन विकेट सिर्फ 22 रन के अंदर गंवा दिए। भारत पूरी टीम 285 रन पर सिमट गई। राजपूत ने भी 76 रन की जुझारू पारी खेली। अन्वय की यह पारी सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गई। फैंस लिख रहे हैं कि द्रविड़ के घर में सहवाग का टेम्परामेंट आ गया है। कोच और पूर्व खिलाड़ी भी अन्वय के निडर अंदाज की तारीफ कर रहे हैं। भारत ने सीरीज का पहला मैच चार विकेट से जीता था। अब दूसरे मैच में अन्वय की पारी से टीम की जीत की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here