Hrithik Roshan Not Working With Parasuram Petla: बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) को लेकर काफी समय से खबरें आ रही थी कि उन्होंने होम्बले फिल्म्स के साथ हाथ मिलाया है। इस साल शुरुआत में इस प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा हुई थी। इस मूवी को फिलहाल टाइटल ‘HrithikXHombale’ रखा गया है। होम्बले फिल्म्स के साथ ऋतिक रोशन का यह पहला प्रोजेक्ट होने वाला है। कई रिपोर्ट्स में बार-बार यह दावा किया जा रहा था कि ऋतिक रोशन की मूवी को ‘गीता गोविंदम’ के डायरेक्टर परशुराम पेटला (Parasuram Petla) डायरेक्ट करेंगे। हालांकि अब इस खबर की सच्चाई सामने आ गई है और ये गलत है।
परशुराम पेटला डायरेक्ट नहीं करेंगे ऋतिक रोशन की फिल्म
लेट्स सिनेमा के मुताबिक ऋतिक रोशन के होम्बले फिल्म्स प्रोजेक्ट को परशुराम पेटला द्वारा डायरेक्ट किए जाने की खबरें गलत हैं। प्रोडक्शन हाउस ने इन अफवाहों को साफ तौर पर खारिज कर दिया है। ऐसे में अब इन अफवाहों पर पूरी तरह विराम लग गया है। ऋतिक एक्स होम्बले प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा 2025 की शुरुआत में हो चुकी थी। हालांकि मेकर्स ने अभी तक कोई बड़ा अपडेट नहीं दिया है। उन्होंने यह नहीं बताया है कि इस मूवी को किस डायरेक्टर द्वारा डायरेक्ट किया जाएगा। इस मूवी को काफी बड़े लेवल पर शूट किया जाएगा।
वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋतिक रोशन को आखिरी बार फिल्म ‘वॉर 2’ में देखा गया था। इस मूवी में ऋतिक रोशन के साथ जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी नजर आई थीं। फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर मेकर्स की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई थी। इसके अलावा ऋतिक रोशन ने हालिया रिलीज हुई आलिया भट्ट-शरवरी और बॉबी देओल की ‘ऐल्फा’ में शानदार कैमियो किया है, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। आने वाले दिनों में ऋतिक रोशन के पास फिल्म ‘कृष 4’ भी है, जिसे वो खुद डायरेक्ट करते दिखाई देंगे।










































