रुपझर थाना पुलिस ने निकाली विशाल जागरूकता रैली
छात्राओं व विद्यालय स्टाफ को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
बालाघाट/
प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत थाना रुपझर पुलिस द्वारा उकवा स्थित शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर फ्रॉड, महिला संबंधी अपराधों, नशे के दुष्प्रभावों तथा कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक बनाकर उन्हें अपने परिवार और समाज तक सुरक्षा एवं नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान थाना रुपझर पुलिस कामेश धुमकेती ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और बैंक संबंधी धोखाधड़ी सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से बचाव के उपाय विस्तार से बताए। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की जानकारी दी गई। छात्राओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिजनों, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।जागरूकता कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं एवं विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर से एक विशाल जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में छात्राओं ने नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशामुक्त बनाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम में थाना रुपझर पुलिस स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़े और समाज को अपराध एवं नशे से मुक्त बनाया जा सके।










































