रायसेन। जिले के सांची थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम मेढ़की के पास शनिवार रात 9 बजे बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने हार्डवेयर व्यापारी को घेरकर तलवार से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी गंभीर से रूप से घायल हो गया साथ ही एक हाथ की हथेली अलग हो गई। इलाज के लिए भोपाल ले जाते समय रास्ते में व्यापारी की मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार मेढ़की निवासी हार्डवेयर व्यापारी राकेश लोधी उम्र 26 सलामतपुर चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान चलाता था। शनिवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। इसके बाद तलवारों से हमला कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने रास्ते में राकेश को पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे।









































