मस्कट: भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम ने एफआईएच यूथ हॉकी फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर खिताब जीता। रोमित पाल (पांचवें), कप्तान केतन कुशवाहा (12वें) और शाहरुख अली (13वें मिनट) के गोल की मदद से भारत एशियाई चैंपियन बनने में सफल रहा। इस जीत के साथ ही भारतीय पुरुष टीम एलीट पूल तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई।
फाइनल में भारत ने दिखाया दम
भारत ने फाइनल में सटीक पास और अनुशासित रणनीति के दम पर शुरुआती बढ़त बना ली। रोमित पाल ने पहले हाफ में पाकिस्तानी गोलकीपर को पछाड़ते हुए पहला गोल दागा और हाफ टाइम तक भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। कप्तान केतन कुशवाहा (12वें मिनट) ने दूसरे हाफ की शुरुआत में ही गोल दागकर भारत का को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। शाहरुख अली ने इसके तुरंत बाद एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। पाकिस्तान ने मोहम्मद उस्मान (16वें मिनट) के गोल से अंतर कम किया, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति अंतिम मिनटों में मजबूती से डटी रही और कोई गोल नहीं होने दिया









































