तेहरान: ईरान को कथित तौर पर अपनी हवाई सुरक्षा मजबूत करने के लिए चीन से बड़ी मदद मिलने जा रही है। अमेरिका से तनाव के बीच ईरान को चीन में बने 400 तक शोल्डर-फायर्ड एयर-डिफेंस मिसाइल लॉन्चर की पहली खेप आने वाले दिनों में मिलने की उम्मीद है। इसमें एक दिलचस्प बात ये है कि चीन से ईरान को एयर डिफेंस मिसाइलें पाकिस्तान के जरिए भेजी जा सकती हैं, जो अमेरिका-ईरान युद्ध में प्रमुख मध्यस्थ है। पाकिस्तान को अमेरिका का करीबी देश माना जाता रहा है लेकिन रिपोर्ट में उसके ईरान को मदद करने की बात कही गई है।
रॉयटर्स ने डील की जानकारी रखने वाले तीन सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि 60 से 70 मिलियन डॉलर की डील अमेरिका और इजरायल के साथ संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान की अपनी कम दूरी की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने का सबसे अहम प्रयास है। इस अनुबंध में 300 से 400 मैन-पोर्टेबल एयर डिफेंस सिस्टम (MANPADS) की खरीद शामिल है। इसमें चीन में बनी QW-12 और FN-16 मिसाइलें हैं।










































