बदनावर। धार जिले के बदनावर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हनुमंत्या के गांव बावड़िया में शनिवार देर रात एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गलजी पिता दयाराम मकवाना भील (45), निवासी तीखीपाड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे ग्राम बावड़िया में किसी बात को लेकर गलजी का गांव के ही विष्णु पिता सोमा भाभर और भेरू पिता सोमा भाभर से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाइयों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने से गलजी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बदनावर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बदनावर भेजा गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी मृतक के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।
रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।










































