पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के टिहलीबाई माध्यमिक शाला परिसर स्थित स्काउट एवं गाइड जिला प्रशिक्षण केंद्र में वार्षिक प्लानिंग बैठक का गरिमामय आयोजन किया गया। यह बैठक स्काउट गाइड के जिला अध्यक्ष छगन हनवत, जिला आयुक्त इनेंद्र डहरवाल, प्रशिक्षण आयुक्त डोलीराम भगत तथा कोषाध्यक्ष भेजेंद्र चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में प्रारंभ हुई। बैठक की शुरुआत स्काउट.गाइड के मूलभूत सिद्धांतों, प्रतिज्ञाओं और नियमों के स्मरण के साथ हुई। जिसके बाद समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनों को विश्व स्कार्फ दिवस का विशेष संदेश भी दिया गया। वार्षिक बैठक के दौरान स्काउट एवं गाइड की अलग अलग बैठकें आयोजित की गईं जिनमें जिले भर से आए शिक्षकों स्काउटर एवं गाइडर ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छगन हनवत ने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड की यह एक महत्वपूर्ण वार्षिक प्लानिंग बैठक है जो हर साल आयोजित की जाती है। इसमें वर्षभर आयोजित होने वाले कैंपों विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों पर गहन विचार विमर्श किया जाता है। साथ ही संस्था के आय.व्यय का लेखा.जोखा मिलाकर आगामी पूरे वर्ष की कार्य योजना तैयार की जाती है,जिसके आधार पर आगे के सभी कार्यक्रम संचालित होते हैं। आयोजन के दौरान जिले के स्काउटिंग आंदोलन को मजबूती देने और विद्यार्थियों में सेवा भावना विकसित करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर राजकुमार टेंभरे, हरिप्रसाद देशमुख, श्रीमती लक्ष्मी पटले, श्रीमती नीता बोपचे, श्रीमती जुंगा भलावी, श्रीमती उमावती मार्को , रेवती उइके सहित बडी संख्या में स्काउटर गाइडर उपस्थित रहे।
बाइट छगन हनवत अध्यक्ष










































