सागर में फ्रेंडशिप-डे पर मातम में बदली खुशियां : घोघरा जलप्रपात में डूबने से 12वीं के छात्र की मौत, एक दोस्त को साथियों ने बचाया

0

सागर/ महाराजपुर-देवरी। फ्रेंडशिप डे पर देवरी से दुखद घटना सामने आई है। महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुहली स्थित घोघरा जलप्रपात में रविवार दोपहर फ्रेंडशिप-डे मनाने गए छह दोस्त जलप्रपात देखने और वहां नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान एक की डूबने से मौत हो गई है।

सभी कोचिंग के बाद जलप्रपात घूमने गए थे। रविवार का दिन होने के कारण जलप्रपात पर अन्य पर्यटकों की भीड़ थी। लेकिन करीब 50 फीट गहरे कुंड में डूबने से उसे बचाया नहीं जा सका।

दो घंटे चला रेस्क्यू

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को गहरे पानी से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार सरस्वती शिशु मंदिर देवरी में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत ललित साहू अपने पांच दोस्तों के साथ कोचिंग के बाद करीब 11 बजे घोघरा जलप्रपात पहुंचा था।

वहां मौजूद लोगों ने कुंड की गहराई 40 से 45 फीट बताई थी।

तैरना नहीं जानता था ललित

तैरना नहीं आने के कारण ललित साहू और उसका साथी केशव रजक पहले किनारे पर ही खड़े रहे। इसी दौरान अन्य चार दोस्त पानी में नहाने लगे। उन्हें देखकर ललित और केशव भी पानी में उतर गए और गहरे कुंड में डूबने लगे।

साथियों ने केशव रजक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ललित गहरे पानी में समा गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें- दमोह में 7 घंटे चला रेस्क्यू, लेकिन नहीं बच सकी 4 साल की मासूम… घर से 50 मीटर दूर पोखर में मिला शव

पत्थरों के बीच फंसा मिला शव

दोपहर करीब एक बजे महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू शुरू कराया। करीब दो घंटे बाद ललित का शव गहरे पानी में पत्थरों के बीच फंसा मिला, जिसे बाहर निकाला गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here