भोपाल। विजयपुर के बाद दतिया विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित कांग्रेस ने 11 अगस्त को भोपाल में राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक बुलाई है। इसमें वर्ष 2028 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए विस्तृत रोडमैप और कार्ययोजना तैयार की जाएगी। कांग्रेस ने दतिया में पहली बार बूथ-स्तरीय प्रबंधन (क्लस्टर-सेक्टर मॉडल) को अपनाया था। पार्टी इसे राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों पर लागू करने पर विचार कर रही है। बैठक में कांग्रेस के बड़े नेता कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा सहित सभी पदाधिकारी शामिल होंगे।
2018 में कांग्रेस बनी थी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी
वर्ष 2018 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने एकजुट होकर और एक मजबूत संगठनात्मक रणनीति के साथ चुनाव लड़ा था, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी 15 साल बाद राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस 114 सीटें जीतकर विधानसभा में सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी। इस चुनाव में भाजपा को 109 सीटें मिली थीं। दिलचस्प बात यह थी कि भाजपा का वोट शेयर (41%) कांग्रेस (40.9%) से थोड़ा अधिक था, लेकिन सीटों के मामले में एकजुट संगठन के कारण कांग्रेस बाजी मार ले गई थी।
दो उपचुनाव के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साह में
अमूमन तब भी माहौल में एंटीइनकमबेंसी थी और भाजपा कार्यकर्ता भी नाराज थे। यही वजह थी कि कांग्रेस ने मौके का लाभ लेकर प्रदेश में बदलाव के संदेश को आम लेगों तक पहुंचा दिया था। तत्कालीन प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही थी। यही हालात इन दिनों भी कांग्रेस के समक्ष हैं। पार्टी लगातार पराजय के चलते निराशा के भाव में थी। अब परिस्थितियां बदली हैं। दो उपचुनाव जीतने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी उत्साह में हैं। पार्टी इसे अपनी ताकत मानकर प्रदेश भर में आंदोलन आदि खड़े करके जनता की आवाज बनना चाहती है।
आने वाले समय में इन मुद्दों पर आंदोलन करेगी कांग्रेस
पार्टी आने वाले समय में किसानों के मुद्दे, बेरोजगारी, स्थानीय भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर प्रदेशव्यापी बड़े आंदोलन खड़े करने की योजना बना रही है। इस सक्रियता का उद्देश्य जनता को यह विश्वास दिलाना है कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव लड़ने वाली मशीन नहीं, बल्कि उनके हक के लिए लड़ने वाला एक मजबूत और एकजुट विपक्ष है। जनता का भरोसा जीतने में पार्टी कोई कोर- कसर नहीं छोड़ना चाहती है। –










































