एथेनॉल प्लांट मिरगपुर में दिखे बाघ के पगमार्क
फोटो
पदमेश न्यूज़।खैरलांजी।खैरलांजी क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है। बुधवार सुबह मिरगपुर स्थित एथेनॉल प्लांट परिसर के आसपास बाघ के पगमार्क देखे जाने की जानकारी सामने आई है। पगमार्क दिखाई देने के बाद प्लांट क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि सुबह प्लांट क्षेत्र में कुछ लोगों की नजर जमीन पर बने बाघ के पगमार्क पर पड़ी। इसकी सूचना उन्होंने ग्रामीणों औऱ विभागीय कर्मचारियों को दी।उधर बाघ के पगमार्क मिलने की खबर क्षेत्र में फैलते ही लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।बताया गया कि मिरगपुर और आसपास का इलाका वन क्षेत्र से लगा होने के कारण यहां वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। इससे पहले भी क्षेत्र में बाघ के मूवमेंट की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में एथेनॉल प्लांट के समीप बाघ के पगमार्क मिलने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने की निगरानी बढाने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर पगमार्क की जांच की जाए और क्षेत्र में बाघ की वास्तविक मौजूदगी का पता लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए। साथ ही ग्रामीणों और प्लांट कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की गई है।
फिलहाल बाघ के पगमार्क मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। वन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पगमार्क हाल के हैं और बाघ किस दिशा में गया है।










































