हैदराबाद से लांजी पहुंची बस में यात्री की संदिग्ध मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
शाम तक परिजनों से होती रही बातचीत, बैहर का रहने वाला बताया जा रहा मृतक आशीष
पदमेश न्यूज़।लांजी। हैदराबाद से लांजी के बीच चलने वाली निजी ट्रैवलर्स बस में उस समय हड़कंप मच गया, जब उसी बस की स्लिपर सीट पर बैठे एक यात्री की संदिग्ध अवस्था मे मौत हो गई।यात्री की मौत की जानकारी तब लगी जब हैदराबाद से लांजी पहुंचने के बाद एक यात्री बस से नहीं उतरा। इसपर यात्रियों और बस कर्मचारियों ने जब स्लीपर सीट पर जाकर देखा तो 42 वर्षीय यात्री आशीष पिता अरुण वासनिक का शव अर्धनग्न हालत में पड़ा हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही वहां कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगो ने मामले की सूचना तत्काल लांजी पुलिस को दी,उधर सूचना मिलते ही मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।हालांकि यात्री की मौत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
हैदराबाद में मजदूरी का काम करता था आशीष
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैहर निवासी आशीष वासनिक काफी समय से हैदराबाद में रहकर मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि 18 अगस्त की शाम करीब 5.30 बजे वह हैदराबाद से लांजी आने वाली निजी बस में सवार हुआ था। सफर के दौरान उसकी मौत हो गई। बस के लांजी पहुंचने पर जब वह अपनी स्लीपर सीट से नहीं उठा तो यात्रियों और बस स्टाफ ने उसे जगाने का प्रयास किया। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर जब नजदीक जाकर देखा गया तो वह मृत अवस्था में मिला।
एक सप्ताह से खराब थी तबीयत
मृतक की भाभी सुनीता वासनिक ने पुलिस को दुरभाष पर बताया कि आशीष की तबीयत करीब एक सप्ताह से खराब चल रही थी। हैदराबाद से रवाना होने से पहले भी परिजनों से उसकी बातचीत हुई थी। शाम को भी फोन पर परिवार से बात हुई थी। इसके बाद बस में सफर के दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि आशीष परिवार में मंझला पुत्र था।
पत्नी और बच्चे पहले ही छोड़ चुके हैं साथ
परिजनों के अनुसार मृतक की पत्नी और बच्चे काफी समय पहले उसे छोड़ चुके थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद बैहर से परिजन लांजी के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने भी परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
लांजी पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। बस में यात्रा के दौरान मृतक की किन परिस्थितियों में मौत हुई और मौत से पहले उसकी किसी से बातचीत या अन्य गतिविधि हुई थी या नहीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।










































