World Humanoid Robot Games 2026: चीन में चल रहे वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसकी खूब चर्चा हो रही है। रेस ट्रेनिंग के दौरान दो पैरों वाला एक ह्यूमनॉइड रोबोट भयानक हादसे का शिकार हो गया। वह इतनी तेज दौड़ा कि खुद पर कंट्रोल नहीं रख पाया और कुशन वाली दीवार से टकराकर टूट गया। उससे चिंगारी भी निकलने लगी। हाल ही में एक अन्य चीनी रोबोट ने उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। यूनिट्री कंपनी के बनाए रोबोट ने 12.66 मीटर प्रति सेकंड की स्पीड हासिल करके दुनिया के सबसे तेज धावकों में शुमार उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
क्या है घटना?
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बीजिंग में आयोजित होने वाले ‘वर्ल्ड ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स’ की रेस ट्रेनिंग के दौरान दो पैरों वाला एक ह्यूमनॉइड रोबोट कंट्रोल खोने के बाद कुशन वाली दीवार से टकराकर टूट गया। उसके फ्रेम से चिंगारियां निकलने लगीं।इससे जुड़ा वीडियाे इंटरनेट पर देखा जा रहा है। वीडियो में रोबोट अपनी पूरी स्पीड के साथ दौड़ लगाता है। मंजिल पर पहुंचने के बाद वह खुद को कंट्रोल नहीं कर पाता और कुशन वाली दीवार से जोरदार टक्कर होती है। तब रोबोट को बहुत नुकसान नहीं होता। लेकिन टकराने के बाद रोबोट उल्टा चलने लगता है और लड़खड़ाकर गिर जाता है।













































