Khatu Shyam Mandir: राजगढ़ जिले की ब्यावरा तहसील में प्रशासन द्वारा खाटू श्याम मंदिर तोड़े जाने पर भारी बवाल मच गया है। 15 गांवों के चंदे से बन रहे इस मंदिर पर जेसीबी चलने से ग्रामीण भड़क उठे हैं।राजगढ़: जिले में आस्था और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच टकराव का बड़ा मामला सामने आया है। ब्यावरा तहसील के लखनवास क्षेत्र में बड़ली माता मंदिर पहाड़ी पर बन रहे खाटू श्याम मंदिर को प्रशासन ने जेसीबी चलाकर जमींदोज कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा, जिसने करीब 2 हजार वर्ग फीट में चल रहे निर्माण को पूरी तरह हटा दिया। घटना के बाद से ग्रामीण और प्रशासन आमने-सामने आ गए हैं।
15 गांवों के चंदे से खड़ा हो रहा था आस्था का केंद्र
ग्रामीणों का दावा है कि यह मंदिर किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि आसपास के लगभग 15 गांवों के लोगों की आस्था का केंद्र था। सभी ने आपस में चंदा इकट्ठा कर खाटू श्याम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू कराया था। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते या विरोध दर्ज कराते, तब तक प्रशासनिक बुलडोजर ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि प्रशासन ने कार्रवाई से पहले न तो कोई नोटिस दिया और न ही उन्हें अपना पक्ष रखने का कोई मौका दिया।क्रेशर मशीन और अवैध खनन को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप
इस पूरे मामले में ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पहाड़ी पर क्रेशर मशीन स्थापित करने और अवैध खनन के लिए रास्ता साफ करने की नीयत से यह कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि इलाके में लंबे समय से अवैध खनन और ब्लास्टिंग की शिकायतें की जा रही थीं, जिस पर प्रशासन आंखें मूंदकर बैठा रहा, लेकिन जब ग्रामीणों ने अपनी आस्था से मंदिर बनवाया तो तुरंत हथौड़ा चला दिया गया।










































