सुंदर एवं आकर्षक राखियों से सजे बाजार, कीमतों में २० से २५ प्रतिशत की वृध्दि, २८ को मनाया जायेगा रक्षाबंधन पर्व
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन २८ अगस्त को पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। पर्व की तैयारियों को लेकर बहनों द्वारा भाइयों के लिए बाजारों से आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी की जा रही है। वहीं दुकानदारों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए अपनी दुकानों को विशेष रूप से सजाया है, जिससे पूरा मार्केट सुंदर एवं आकर्षक राखियों से जगमगा उठा है। वहीं इस वर्ष राखियों के दाम में २० से २५ प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही अन्य दैनिक एवं पूजा सामग्रियों के दाम बढऩे से गरीब व मध्यम वर्ग का बजट प्रभावित हो रहा है। शक्कर की कीमतों में उछाल आने से मिठाइयों की मिठास पर भी महंगाई की खटास देखने को मिल रही है। इसके बावजूद भाई-बहन के इस अटूट पर्व पर महंगाई का असर फीका पड़ता नजर आ रहा है। लोग अपनी क्षमतानुसार जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
कार्टून और लाइटिंग राखियां बच्चों की पहली पसंद
लालबर्रा नगर मुख्यालय के बस स्टैंड, हाई स्कूल रोड, पंचायत भवन के सामने सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर सजी राखी की दुकानों से महिलाओं, युवतियों व बालिकाओं के द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर भाईयों की कलाई में बांधने के लिये राखी तथा उपहार स्वरूप रूमाल, नारियल व मिठाईयां सहित अन्य सामग्रियों की खरीदी के साथ ही श्रृंगार सामग्री, मेहंदी व चूड़ी सहित तमाम तरह की वस्तुओं की खरीददारी की जा रही है परन्तु इस वर्ष राखियों के दामों में २० से २५ प्रतिशत की वृध्दि हुई है। उसके बावजूद भी भाई-बहनों के पवित्र रिस्ते व स्नेह के पर्व रक्षाबंधन पर महंगाई का असर समझ में नही आ रहा है और सभी अपने क्षमता के अनुसार राखियां व अन्य सामग्री की खरीददारी कर रहे है। इस प्रकार राखी की दुकानों में दिन भर लोगों की आवाजाही के कारण चहल पहल बनी हुई है जिससे व्यापारियों के चेहरे भी खिल गये है। राखी व्यवसायी संकेत गुप्ता ने बताया कि २८ अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जायेगा जिसके चलते राखी के व्यवसाय में बुधवार से उठाव आयेगा। साथ ही यह भी बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष राखी में २० से २५ प्रतिशत की मूल्य वृध्दि हुई है और दुकान में स्टोन राखी, डोरी राखी, फैन्सी राखी, कार्टून राखी, लायटिंग राखी, लुम्बा राखी, लटकन राखी व लटकन फैन्सी राखी सहित अन्य किस्म की राखियां उपलब्ध है एवं बच्चों की पहली पसंद कार्टून व लाईटिंग राखी है। साथ ही यह भी बताया कि ५ रूपये से लेकर ५०० रूपये की कीमत की राखियां उपलब्ध है। बच्चों में कार्टून और लाइटिंग राखियों को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है










































