बालाघाट से डेनमार्क, अमेरिका और यूएई भेजी जा रही रखी

0

अवकाश के दिनों में भी बहनों की राखियां पहुंचाने जुटा डाक विभाग,
प्रतिदिन दो से ढाई हजार राखियों की हो रही बुकिंग व डिलीवरी
रक्षाबंधन पर सजा बाजार, भाई-बहन के प्यार के बंधन पर महंगाई बेअसर
10 से 300 रुपए तक बिक रहीं राखियां, बच्चों को भा रहीं मोटू-पतलू, पांडा और छोटा भीम की डिजाइनें
फोटो
पदमेश न्यूज। बालाघाट। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के पवित्र पर्व रक्षाबंधन को लेकर शहर का बाजार पूरी तरह सज गया है। श्रावण मास की पूर्णिमा पर 28 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व के लिए बहनों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और बाजारों में राखी खरीदने के लिए पहुंच रही हैं। इस बार राखियों की कीमतों में बीते वर्ष की तुलना में करीब 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, लेकिन महंगाई का असर भाई-बहन के प्यार के इस पवित्र बंधन पर बेअसर नजर आ रहा है। बाजार में 10 रुपए से लेकर 300 रुपए तक की आकर्षक और विभिन्न डिजाइनों वाली राखियां उपलब्ध हैं।

अवकाश के दिनों में भी खुल रहा विभाग, भाइयों तक पहुँचा रहा बहनों की राखी
रक्षाबंधन को लेकर जहां बाजार में खरीदारी का उत्साह दिखाई दे रहा है, वहीं बहनों की राखियां समय पर उनके भाइयों तक पहुंच सकें, इसके लिए डाक विभाग भी विशेष सेवाएं दे रहा है। अवकाश के दिनों में भी पोस्ट ऑफिस में राखियों की बुकिंग, भेजने और वितरण का कार्य किया जा रहा है। बुधवार को अवकाश के बावजूद पोस्टमैन बहनों की राखियां भाइयों के घरों तक पहुंचाते नजर आए।

बच्चों के लिए कार्टून राखियों की खास मांग
रक्षाबंधन के बाजार में इस बार बच्चों के लिए विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है। दुकानदारों ने टीवी कार्टून पात्रों पर आधारित मोटू-पतलू, पांडा, छोटा भीम सहित अन्य आकर्षक डिजाइनों वाली राखियां मंगाई हैं। परिवार के साथ बाजार पहुंच रहे बच्चे इन राखियों को खासा पसंद कर रहे हैं।व्यापारियों के अनुसार बड़े भाइयों के लिए विभिन्न प्रकार की फैंसी और आकर्षक राखियां उपलब्ध हैं, वहीं बच्चों के लिए विशेष रूप से कार्टून डिजाइन वाली राखियां मंगाई गई हैं, जिनकी मांग भी अच्छी बनी हुई है।

सोने-चांदी की राखियों ने भी बढ़ाई बाजार की चमक
रक्षाबंधन के बड़े बाजार को देखते हुए ज्वेलर्स भी तैयारियों में जुटे हैं। कई ज्वेलरी दुकानों में सोने और चांदी की विशेष राखियां उपलब्ध कराई गई हैं। हालांकि इनकी कीमत सामान्य राखियों की तुलना में अधिक है, लेकिन खास और यादगार उपहार के रूप में इन राखियों को भी पसंद किया जा रहा है।कुल मिलाकर, कहे तो रक्षाबंधन को लेकर बालाघाट के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। महंगाई के बावजूद बहनों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही है और हर बहन अपने भाई के लिए पसंदीदा रक्षासूत्र खरीदने में जुटी हुई है।

उम्मीद नही थी कि छुट्टी के दिन भी मिलेगी सरकारी सेवा-यश
डाकघर बालाघाट में राखी पोस्ट करने पहुंचे युवक यश ने अवकाश के दिन भी पोस्ट ऑफिस द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे बहनों की राखियां समय पर उनके भाइयों तक पहुंच सकेंगी।उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद नही थी कि अवकाश के दिन भी सरकारी से उन्हें मिल पाएगी।

विदेशों तक पहुच रही राखियां-पारधी
पोस्टमास्टर एल.एन. पारधी ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर प्रतिदिन लगभग दो से ढाई हजार राखियों की बुकिंग और वितरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बालाघाट से डेनमार्क, अमेरिका और यूएई के लिए भी राखियां बुक की गई हैं। बालाघाट संभाग में रक्षाबंधन के दौरान विशेष रूप से डाक विभाग अपनी सेवाएं दे रहा है और पोस्टकर्मी पूरी लगन के साथ राखियों की बुकिंग, प्रेषण और वितरण में जुटे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here