खरगोन शहर की कृष्ण-सुदामा कॉलोनी में चोरों ने दो सूने घरों को निशाना बनाया। अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। एक घर से चोर जापानी करेंसी भी ले जाने में सफल रहे। रक्षाबंधन मनाने गए परिवार लौटे तो चोरी की घटना का पता चलाखरगोन: रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने और परिवार के साथ त्योहार मनाने घर से बाहर गए दो परिवार जब लौटे तो उनके घरों के ताले टूटे मिले। अंदर पहुंचने पर अलमारियां खुली थीं और लाखों रुपये की नकदी व जेवरात गायब थे। खरगोन शहर की कृष्ण-सुदामा कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने गुरुवार रात दो सूने मकानों को निशाना बनाकर करीब 14 लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर एक घर से करीब 15 हजार रुपये मूल्य की जापानी करेंसी भी ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मकानों का निरीक्षण कर जांच शुरू की। कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि शुक्रवार रात चोरी के दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।रक्षाबंधन मनाने इंदौर गई थीं, सुबह मिली चोरी की खबर
कॉलोनी निवासी और झिरन्या में पदस्थ खेल शिक्षक आशीष गुप्ता की पत्नी प्रिया गुप्ता ने बताया कि वह गुरुवार सुबह अपने पति के साथ रक्षाबंधन मनाने मायके इंदौर गई थीं। शुक्रवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही दोनों तत्काल इंदौर से वापस लौटे।
घर पहुंचने पर अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी में रखा करीब तीन तोले का सोने का हार, एक अंगूठी और एक लाख रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा पूजा के लिए रखे 10-10 रुपये के नए नोटों की दो गड्डियां भी चोर ले गए। चोर करीब 15 हजार रुपये मूल्य की जापानी करेंसी (येन ) भी नहीं छोड़ गए।दूसरे घर से छह लाख नकद और जेवर चोरी
इसी कॉलोनी में किराना व्यवसायी विपिन दुबे के घर भी चोरों ने धावा बोला। विपिन ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ खकनार के सांवलीखेड़ा स्थित ससुराल गए थे। शुक्रवार सुबह घर का ताला टूटे होने की सूचना मिली, जिसके बाद वे वापस खरगोन पहुंचे।
घर में प्रवेश करने पर लोहे की अलमारी में रखे करीब छह लाख रुपये नकद नहीं मिले। इसके अलावा सोने की झुमकी, नाक का कांटा और बालियां भी चोरी हो गईं। परिवार के मुताबिक, चोरी गए नकदी और जेवरात की कुल कीमत लाखों रुपये में है।










































