मां का अपमान मत करो… PM मोदी की मिमिक्री पर घिरे राहुल, रेखा गुप्ता सहित विपक्षी नेताओं ने दी नसीहत

0

इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की मां पर हुई कथित टिप्पणी और उस पर राहुल गांधी के हंसने को लेकर दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है।मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान हुई एक प्रस्तुति को लेकर उस पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर देश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस घटनाक्रम को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक तीखी पोस्ट साझा करते हुए राहुल गांधी के आचरण को “शर्मनाक और निंदनीय” करार दिया है।रेखा गुप्ता का बड़ा हमला: ‘मां का सम्मान हमारे संस्कारों का विषय’

रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद, विरोध और तीखे प्रहार हो सकते हैं, लेकिन किसी की दिवंगत माताजी पर अमर्यादित टिप्पणी करना और उस पर उपहास उड़ाना भारतीय समाज कभी स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा: “मां के अपमान पर हंसकर राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक संस्कार पूरे देश के सामने रख दिए हैं। कांग्रेस का ये राजकुमार मानसिक दिवालियापन का शिकार हो चुका है- ये एक बार फिर इसी ने खुद पूरे देश को बता दिया है।

रेखा गुप्ता ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राजनीतिक विरोध किया जा सकता है, उनसे सवाल पूछे जा सकते हैं और उनकी नीतियों की आलोचना भी की जा सकती है। लेकिन उनकी स्वर्गीय माताजी को राजनीति में घसीटना और अपमानजनक टिप्पणी पर हंसना बेहद निचले स्तर की राजनीति है। उन्होंने कहा कि मां किसी दल या विचारधारा की नहीं होती, बल्कि मां का सम्मान हमारी संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा है। देश की मातृशक्ति ने राहुल गांधी के इस आचरण को देखा है।JDU ने भी साधा निशाना

JDU नेता श्याम रजक ने राहुल गांधी पर कहा, “राजनीति में व्यक्तिगत लांछन नहीं होता है बल्कि नीतिगत लड़ाई होती है। आप नीतिगत कुछ भी बोलें, वो क्षम्य है मगर व्यक्तिगत बोलने को दिमागी दिवालियापन भी कहा जाएगा और यह भी कहा जाएगा कि ज्ञान का अभाव है, शब्दों का चयन नहीं है। उन्हें (राहुल गांधी) राजनीतिक प्रशिक्षण लेना चाहिए…वो देश के प्रधानमंत्री हैं। वो देश के 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे व्यक्ति के बारे में व्यक्तिगत टिप्पणी करना और उनके परिवार के लोगों पर भी टिप्पणी करने से ज्यादा घिनौना काम कुछ और नहीं हो सकता है। ये घृणित कार्य है। ऐसे शब्दों की जितनी निंदा की जाए, वो कम है।”वहीं भाजपा पंजाब प्रभारी और सांसद सतीश पूनिया ने कहा, “राहुल गांधी ने कार्यक्रम का नाम छात्रों की गूंज दिया है लेकिन राहुल गांधी पूरे देश में बदतमीजी की गूंज करते हैं। दुनिया में देश को बदनाम करते हैं…किसी की मां को लेकर मिमिक्री करना, यह शर्मनाक है और उनको इसके लिए माफी मांगनी चाहिए…”

इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से शुरू हुआ विवाद

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम में युवाओं और छात्रों से मुखातिब हो रहे थे। इस दौरान मंच से हास्य कलाकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लहजे और नीतियों की मिमिक्री की गई। कथित तौर पर इसी प्रस्तुति के दौरान प्रधानमंत्री की मां का जिक्र आया। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा हमलावर हो गई है।

मामले पर कांग्रेस की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। ‘छात्रों की गूंज’ में हुई मिमिक्री पर कांग्रेस नेता टीएस सिंह देव ने कहा, “सार्वजनिक वार्तालाप में गाली गलौच की हद तक उतर जाना, यह स्वीकार्य नहीं है लेकिन उसके अलावा अगर आप सामान्य रूप से किसी की आलोचना कर रहे हैं, हंसी मजाक के तौर पर भी हो या आप इसको मिमिक्री कह लीजिए, तो उसमें कोई आपत्ति किसी को नहीं होनी चाहिए।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here