अंबेडकर चौक से शुरू हुई जिला भ्रमण यात्रा, गांव-गांव पहुंचकर शिक्षा, अधिकार और सामाजिक एकता का देगी संदेश
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार 23 सितंबर को अंबेडकर चौक से जिला भ्रमण के लिए साइकिल यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में विभिन्न संगठनों से जुड़े उपासक-उपासिकाएं एवं पदाधिकारी शामिल हुए। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद जय भीम के नारों के साथ साइकिल यात्रा रवाना हुई।बताया गया कियात्रा का उद्देश्य आदिवासी, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक समाज के बीच शिक्षा के महत्व, मौलिक अधिकारों और संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना है। साथ ही सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने, जातिगत भेदभाव एवं सामाजिक असमानता के खिलाफ वैचारिक जागरूकता फैलाने तथा ओबीसी की जातिगत जनगणना और आबादी के अनुपात में अधिकार, अवसर एवं प्रतिनिधित्व की मांग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जा रहा है।
गांव-गांव पहुंचकर करेंगे जनसंवाद
बताया गया कि साइकिल यात्रा के माध्यम से महिलाओं और युवाओं को शिक्षा, अधिकार एवं सामाजिक नेतृत्व के लिए प्रेरित किया जाएगा। यात्रा के दौरान गांव-गांव पहुंचकर आमजन से सीधा संवाद करते हुए लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता का प्रयास किया जाएगा।आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समतामूलक, लोकतांत्रिक एवं न्यायपूर्ण सामाजिक चेतना का निर्माण करना है, जिससे सामाजिक परिवर्तन के माध्यम से व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाया जा सके।
इन जगहों से गुजरेगी यात्रा,सौपेंगे ज्ञापन
यात्रा 23 सितंबर को बालाघाट के अंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर 24 सितंबर को डोंगरमाली, 25 को मोवाड़, 26 को मेंहकेपार, 27 को कटंगी, 28 को वारासिवनी, 29 को लालबर्रा, 30 को लामता, 1 अक्टूबर को परसवाड़ा, 2 को बैहर, 3 को मलाजखंड, 4 को सालेटेकरी, 5 को देबरबेली, 6 को लांजी, 7 को भानेगांव, 8 को रजेगांव तथा 9 अक्टूबर को हट्टा पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा वापस बालाघाट आएगी।वापसी के बाद विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की प्रमुख उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।










































