उकवा में फुटबॉल का रोमांच चरम पर, मॉयल बॉयज ने महू को 3-1 से रौंदा

0

प्रवीण के दो शानदार गोल से उकवा की टीम ने दर्ज की दमदार जीत,
नारायणपुर और असम के बीच कांटे की टक्कर के बाद मुकाबला गोलरहित बराबरी पर
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।उकवा के मॉयल ग्राउंड में इन दिनों फुटबॉल का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है। 65वें मॉयल सार्वजनिक दुर्गा उत्सव के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने दमखम, कौशल और शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दिन के पहले मुकाबले में मेजबान मॉयल बॉयज उकवा ने नेशनल फुटबॉल क्लब महू, इंदौर को 3-1 गोल से शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में आरकेएम नारायणपुर, छत्तीसगढ़ और रंगिया टाउन क्लब, असम के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

प्रवीण के दो गोल ने बदला मैच का रुख
टूर्नामेंट के पांचवें दिन का पहला मुकाबला नेशनल फुटबॉल क्लब महू, इंदौर और मॉयल बॉयज उकवा के बीच खेला गया। मुकाबले में मेजबान टीम ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक खेल और गोल करने के शानदार अवसरों का लाभ उठाते हुए 3-1 से जीत अपने नाम की। मॉयल बॉयज उकवा के खिलाड़ी प्रवीण ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से मैदान पर विशेष छाप छोड़ी और दो शानदार गोल दागकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके बेहतरीन खेल से प्रभावित होकर अंडरग्राउंड खान प्रबंधक जयंता प्रधान ने उन्हें 1,001 रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

नारायणपुर और रंगिया के बीच बराबरी की टक्कर
दिन का दूसरा मुकाबला आरकेएम नारायणपुर, छत्तीसगढ़ और रंगिया टाउन क्लब, रंगिया, असम के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही एक-दूसरे पर दबाव बनाने की कोशिश की। मैदान पर तेज रफ्तार खेल, रक्षापंक्ति की मजबूती और गोल करने के लगातार प्रयासों के बावजूद कोई भी टीम गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाकर बढ़त हासिल नहीं कर सकी। आखिरकार रोमांचक मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपने खेल से दर्शकों को अंत तक मुकाबले से बांधे रखा।मैच कमिश्नर अंजल सिंह ठाकुर रहे। मुकाबलों में मुख्य निर्णायक गोविंद परमार, इंदौर तथा कपिल पंद्रे, उकवा सहित शाहरुख खान, टीकमगढ़, विकास वडकडे, अंबुज गुप्ता, अनूपपुर, रोहित यादव, उकवा एवं तरुण चक्रवर्ती ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

65वें मॉयल दुर्गा उत्सव में देशभर की टीमों का जमावड़ा
मॉयल लिमिटेड सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में 11 अक्टूबर 2026 से मॉयल ग्राउंड, उकवा खान में 65वें मॉयल सार्वजनिक दुर्गा उत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अखिल भारतीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं।टूर्नामेंट में प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख 11 हजार 111 रुपये एवं विजेता ट्रॉफी तथा द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 हजार 555 रुपये एवं रनर-अप ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। आकर्षक पुरस्कार राशि के चलते प्रतियोगिता में टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

आज फिर मैदान में उतरेंगी दमदार टीमें, रात को आर्केस्ट्रा की धूम
प्रतियोगिता के अगले दिन पहला मुकाबला आरटी बॉयज हैदराबाद और मॉयल इलेवन एफसी बालाघाट के बीच खेला जाएगा। दूसरे मुकाबले में तमिलनाडु पुलिस, चेन्नई और बिल्डअप स्पोर्ट्स फाउंडेशन, पन्ना की टीमें आमने-सामने होंगी। फुटबॉल मुकाबलों के साथ दर्शकों के मनोरंजन के लिए रात्रि में आलाप आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here