उकवा फुटबॉल टूर्नामेंट सम्पन्न

0

हैदराबाद को हराकर नारायणपुर छत्तीसगढ़ ने जीता प्रतियोगिता का खिताब
सांसें थाम देने वाले फाइनल में ट्रायबेकर से 5-4 गोल की जीत,
मॉयल ग्राउंड में उमड़ा फुटबॉल प्रेमियों का हुजूम
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।मॉयल ग्राउंड उकवा में आयोजित अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच, संघर्ष और शानदार खेल का गवाह बना। खिताबी भिड़ंत में आरकेएम नारायणपुर छत्तीसगढ़ ने आरटी बॉयज हैदराबाद को ट्रायबेकर में 5-4 गोल से शिकस्त देकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।प्रतियोगिता में निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं, लेकिन निर्णायक पलों में नारायणपुर की टीम ने बाजी मारते हुए प्रथम पुरस्कार और विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। शानदार मुकाबले ने मैदान में मौजूद दर्शकों को आखिरी क्षण तक रोमांचित रखा।आपको बताए कि मॉयल लिमिटेड सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति उकवा के तत्वावधान में 65वें मॉयल सार्वजनिक दुर्गा उत्सव महोत्सव के अंतर्गत 11 अक्टूबर 2026 से मॉयल ग्राउंड उकवा खान में अखिल भारतीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

ट्रायबेकर में पलटा मुकाबला, नारायणपुर ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के फाइनल में आरकेएम नारायणपुर छत्तीसगढ़ और आरटी बॉयज हैदराबाद के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने निर्धारित समय में एक-एक गोल दागकर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद विजेता का फैसला ट्रायबेकर से हुआ, जिसमें नारायणपुर की टीम ने 5-4 गोल से जीत दर्ज की। जीत के साथ ही नारायणपुर के खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह छा गया। आयोजको द्वारा विजेता टीम को 1 लाख 11 हजार 111 रुपए की पुरस्कार राशि एवं विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता हैदराबाद की टीम को 55 हजार 555 रुपए और रनर ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।मैच कमिश्नर चंद्रा मलिक रहे। प्रतियोगिता में अंजल सिंह ठाकुर, गोविंद परमार (इंदौर), कपिल पंद्रे (उकवा), शाहरुख खान (टीकमगढ़), विकास वडकडे, अंबुज गुप्ता (अनूपपुर), रोहित यादव (उकवा) और तरुण चक्रवर्ती ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

तीसरे स्थान के लिए भी दिखा रोमांच
फाइनल से पहले महिलाओं की टीमों के बीच शो मैच आयोजित किया गया। इसके बाद तीसरे और चौथे स्थान के लिए मॉयल इलेवन एफसी बालाघाट और मॉयल बॉयज उकवा के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में मॉयल इलेवन एफसी बालाघाट ने 3-2 गोल से जीत हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 15 हजार रुपए और उपविजेता मॉयल बॉयज उकवा को 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बैहर एसडीएम अनिकेत शांडिल्य, एसडीओपी चंद्रशेखर पांडे, उकवा थाना प्रभारी सुभाष दुबे, उकवा खान प्रबंधक निषाद निकोसे एवं उपखान प्रबंधक जयंता प्रधान उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला फुटबॉल एसोसिएशन बालाघाट के उपाध्यक्ष विवेक महाकालकर, जेम्स बारीक, सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।प्रतियोगिता मॉयल लिमिटेड सार्वजनिक दुर्गा उत्सव समिति के संरक्षक उमाकांत भुजाडे, अभिकर्ता एवं महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मंच संचालन दर्शन दीप, सुनील उइके, खूबलाल यादव एवं इमानवेल दीप ने किया। टेकचंद मदनकर और सुरक्षा टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली।प्रतियोगिता के सफल समापन पर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here