तलाक के दो साल बाद महिला ने पूर्व पति को बताया बच्चे का पिता

0

आपने पति द्वारा पत्नी को प्रताड़ित करने के कई मामले सुने होंगे, लेकिन तवानगर थाने में ऐसा मामला आया है, जिसमें तलाक लेने के बाद भी पत्नी से प्रताड़ित पति न्याय के लिए भटक रहा है। तलाक के दो साल बाद उसकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया और पिता के रूप में पूर्व पति का नाम लिखवा दिया, जबकि उसका कहना है 2010 से उसका कोई संबंध नहीं है। 2018 में ही उससे तलाक ले चुका है, ऐसे में उसका बच्चा होने का सवाल ही नहीं है।

पति का आरोप है तवानगर में पदस्थ प्रधान आरक्षक से उसकी पत्नी का संपर्क रहा है। पुलिस अब बच्चे के असली पिता का पता लगाने के लिए पुलिसकर्मी, महिला, बच्चे और तलाक ले चुके पति का डीएनए टेस्ट कराएगी। इस मामले में पुलिस ने महिला और पुलिसकर्मी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपित पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। आरोपित प्रधान आरक्षक पुलिस लाइन में पदस्थ है।

तवानगर थाने में पदस्थ एसआइ और इस मामले के जांच अधिकारी माणिक सिंह बट्टी ने बताया तवानगर की एचईजी कंपनी के कर्मचारी अरुण राजुरकर ने यहां की युवती से 2007 में विवाह किया था। शादी के दो महीने बाद ही अरुण को और उसके स्वजन को पत्नी प्रताड़ित करने लगी। उसने दहेज प्रताड़ना का मामला भी दर्ज करा दिया। हालांकि न्यायालय ने पति के परिवार को दोषमुक्त कर दिया। अरुण का 2011 में भोपाल तबादला हो गया। इसके बाद उसने 2018 में पत्नी से तलाक ले लिया, लेकिन 2020 में पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया, जिसके पिता के रूप में तलाक ले चुकी पति अरुण का नाम दर्ज करा दिया।

तलाकशुदा अरुण का कहना है इसकी जानकारी मिलने पर उसने छानबीन की तो पता चला प्रधान आरक्षक अरविंद मिश्रा का उसकी पत्नी से लंबे समय तक संपर्क रहा। अरुण का कहना है बच्चा मेरा नहीं है, इसके लिए प्रधान आरक्षक का डीएनए टेस्ट कराया जाए। जांच अधिकारी ने बताया जांच के बाद दो दिन पहले ही महिला और प्रधान आरक्षक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इधर, आरोपित प्रधान आरक्षक का कहना है मुझे भी फंसाया गया है।

महिला कानून में सुधार हो

इस मामले में पत्नी से प्रताड़ित पति ने रोते हुए कहा साहब.. इस महिला ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। मेरा परिवार बर्बाद कर दिया। मैंने देख लिया कि महिलाओं के लिए बने कानून का किस तरह दुरुपयोग होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here