इंदौर में कोरोना हाट स्पाट बनने के बाद अब धार शहर में भी प्रतिदिन कोरोना पाजिटिव केस आ रहे हैं। अगर हम मार्च की बात करें तो अब तक 88 केस आ चुके हैं। बढ़ते कोरोना के बीच अब लोगों की लापरवाही भी बढ़ती नजर आ रही है। शहर में लोगों द्वारा कोरोना प्रोटोकाल का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि कोरोना की शुरुआत मार्च 2020 में ही हुई थी। इन दिनों में कोरोना की सैंपलिंग शुरू हो चुकी थी। हालांकि हमारे यहां पर पहला केस आठ अप्रैल को आया था। इसके बाद कोरोना के केस बढ़ने का सिलसिला शुरू हुआ। अब तक हमारे यहां चार हजार 254 केस आ चुके हैं। 59 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गंवा दी है। एक बार फिर हम वहीं गलती को दोहरा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर आयोजनों का दौर भी चल रहा जो पूरे शहर को मुसीबत में डाल सकता है।
इन दिनों शहर में कई लोग बिना मास्क के ही दिखाई दे रहे हैं। वहीं बस चालकों द्वारा भी लापरवाही की जा रही है। कई बस चालक बिना मास्क लगाए ही गाड़ी चलाते हुए दिखाई देते हैं। यात्री भी बिना मास्क के ही यात्रा कर रहे हैं। इंदौर में जिस तरह से केस बढ़ रहे हैं। धार-इंदौर की दूरी कम होने के कारण यहां पर आवाजाही ज्यादा बनी रहती है। कई व्यापारियों का व्यापार के सिलसिले में इंदौर जाना आना लगा रहता है। हजारों की संख्या में प्रति दिन लोग इंदौर की यात्रा करते है। अगर आने वाले दिनों में यही लापरवाही चलती रही तो धार शहर भी अब जल्द ही कोरोना हाट स्पाट बन जाएगा।
पंप पर नहीं हो रहा प्रोटोकाल का पालन
प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंप पर सख्त आदेश देने के बावजूद पंप संचालक लापरवाही करते नजर आ रहे हैं। शहर के सभी पंप चालक बिना मास्क के लोगों को पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि सिटी मजिस्ट्रेट शिवांगी जोशी के सख्त आदेश देने के बाद भी उसका पालन नहीं किया जा रहा है। इस तरह की लापरवाही शहर को मुसीबत में डाल सकती है।
प्रतिदिन करते हैं हजारों की संख्या में यात्रा
अगर हम शहर के बस स्टैंड की बात करें तो वहां पर कई लोग बिना मास्क के लापरवाही करते नजर आ रहे हैं। बसों में इन दिनों क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाया जा रहा है। अगर कोई एक भी संक्रमित बस में यात्रा कर लेता है तो वह कई लोगों को खतरे में डाल सकता है। बसों में सैनिटाइजर तो दूर की बात है। मास्क तक नहीं लगाया जा रहा है।
प्रतिदिन हो रहे आयोजन
इन दिनों हमारे शहर में प्रतिदिन कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। आयोजन में प्रशासन द्वारा कोरोना गाइडलाइन के तहत मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाती है। परंतु लोगों द्वारा इसका पालन नहीं किया जा रहा है। कई लोग बिना मास्क के ही आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। इस दौरान देखने में आ रहा है क्षमता से अधिक लोगों की उपस्थिति रहती है। वहीं हम अगर राजनीति की बात करें तो यहां दोनों पार्टियों द्वारा भी कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसमें अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। इस दौरान कार्यकर्ता से लेकर आम लोग बिना मास्क के ही दिखाई दे रहे हैं।
खास-खास
-बिना मास्क के दिया जा रहा पेट्रोल
-प्रतिदिन 270 धार-इंदौर चलती हैं बस
-बस चालक नहीं लगा रहे मास्क
-बस में सवारियों द्वारा की जा रही लापरवाही
-प्रतिदिन हो रहे कार्यक्रम
2021 कोरोना की स्थिति एक नजर में
माह सैंपल पाजिटिव
जनवरी 11175 362
फरवरी 5635 60
मार्च 5439 88
कुल 22249 510
मार्च माह की स्थिति
दिनांक पाजिटिव
1 मार्च 2
2 मार्च 5
3 मार्च 4
4 मार्च 3
5 मार्च 0
6 मार्च 4
7 मार्च 4
8 मार्च 4
9 मार्च 3
10 मार्च 3
11 मार्च 2
12 मार्च 4
13 मार्च 6
14 मार्च 3
15 मार्च 5
16 मार्च 5
17 मार्च 4
18 मार्च 7
19 मार्च 7
20 मार्च 7
21 मार्च 6










































