अनंत अंबानी ने पैदल पूरी की 21 किलोमीटर की गोवर्धन परिक्रमा, ब्रज के विकास के लिए रिलायंस देगा 18 करोड़ रुपये

0

Anant Ambani Govardhan Parikrama: रिलायंस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने मथुरा में 21 किलोमीटर की गोवर्धन परिक्रमा पैदल पूरी की। इस अवसर पर रिलायंस ग्रुप ने ब्रज के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

Anant Ambani Govardhan Parikrama : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने अपने दो दिवसीय मथुरा दौरे के दौरान शुक्रवार रात को पैदल ही 21 किलोमीटर लंबी गोवर्धन परिक्रमा पूरी की। उन्होंने यह कठिन धार्मिक यात्रा अन्य श्रद्धालुओं के साथ मिलकर करीब साढ़े 4 घंटे में पूरी की। इस खास मौके पर रिलायंस ग्रुप ने ब्रज क्षेत्र के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 18 करोड़ रुपये के शुरुआती योगदान की भी घोषणा की है।

मंदिरों में किए दर्शन और चढ़ाया 280 किलो का छप्पन भोग

अनंत अंबानी शुक्रवार शाम को गोवर्धन के जतीपुरा स्थित गंगा धाम पहुंचे थे। कुछ देर आराम करने के बाद वे सीधे गिरिराज मुखारविंद मंदिर गए, जहां उन्होंने गिरिराज महाराज के दर्शन किए और श्रृंगार आरती में हिस्सा लिया। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और भगवान गिरिराज जी को 280 किलोग्राम का भव्य छप्पन भोग अर्पित किया। मंदिर के सेवायतों ने उन्हें प्रसाद और गिरिराज जी का पटुका भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने मदन मोहन जी मंदिर में भी माथा टेका और आशीर्वाद लिया।

भजन-कीर्तन के बीच पैदल पूरी की यात्रा

भगवा कुर्ता और पीली पगड़ी पहने अनंत अंबानी ने आम श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर पैदल परिक्रमा की। पूरी यात्रा के दौरान वे भजन-कीर्तन में लीन रहे और ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ का जाप करते हुए आगे बढ़ते रहे। परिक्रमा मार्ग में कई जगहों पर स्थानीय निवासियों और भक्तों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह पूरी तीर्थयात्रा पुष्टिमार्ग की प्रधान पीठ नाथद्वारा के आचार्य और उनके पुष्टि गुरु चिरंजीवी श्री गोस्वामी विशाल बावा साहब के सान्निध्य में संपन्न हुई। बता दें कि अंबानी परिवार पुष्टिमार्ग वैष्णव परंपरा का पालन करता है और श्रीनाथजी में उनकी गहरी आस्था है। परिक्रमा के दौरान अनंत ने श्री गिरिराज जी और पुष्टिमार्ग से जुड़े अन्य पवित्र स्थलों पर दंडवत प्रणाम भी किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here