लालबर्रा मुख्यालय से लगभग १३ किमी. दूर जिले की प्रवेश सीमा ग्राम पंचायत कंजई अंतर्गत बेरियर में जिला प्रशासन के निर्देश पर बनाये गये चेकपोस्ट में ड्यूटी कर रहे शिक्षकों ने १८ जून को लालबर्रा पहुंचकर तहसीलदार इन्द्रसेन तुमराली व मुख्य कार्यपालन अधिकारी गौरीशंकर डेहरिया को ज्ञापन सौंपकर रोटेशन के आधार पर शिक्षकों की ड्यूटी लगाये जाने की मांग की।
शिक्षकों ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जांच हेतु १ अप्रैल से कंजई बेरियर में चेकपोस्ट बनाकर शिक्षकों, पंचायत सचिव, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्य कर्मी व राजस्व विभाग के कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई थी एवं प्रत्येक शिफ्ट में दो शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है जिनके द्वारा ८-८ घंटे तक प्रतिदिन सेवायें दी जा रही है और चेकपोस्ट में शिक्षकों को ड्यूटी करने के लिये एक माह में १५-१५ दिनों का शेड्यूल बनाया गया है।
जिसके आधार पर शिक्षक ड्यूटी कर रहे है लेकिन जून माह में जिन शिक्षकों की १ जून से १५ जून तक ड्यूटी लगाई गई थी उन शिक्षकों के द्वारा अपनी सेवायें दी जा चुकी है लेकिन १६ जून से ३० जून तक पुन: उन्हीं शिक्षकों की ड्यूटी की लगा दी गई है जिससे दोबारा ड्यूटी कर रहे शिक्षकों में नाराजगी है।










































