मध्‍य प्रदेश के सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की करोड़ों रुपये की 25 बेनामी संपत्ति अटैच

0

 आयकर विभाग ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी की करोड़ों रुपये की 25 बेनामी संपत्ति अटैच (कुर्क) की है। पुलिस अधिकारी ने यह संपत्ति अलग-अलग वर्षों में खरीदी थी। बैंकों में लाखों स्र्पये की एफडी भी मिली है। आय के ज्ञात स्रोतों के आधार पर पुलिस अधिकारी से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जानकारी के अनुसार, चंद्रदेव दुबे भोपाल के हनुमानगंज थाने में पदस्थ रहे हैं। वे थानेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। आयकर विभाग के अधिकारी लंबे समय से उनकी संपत्ति की जानकारी जुटा रहे थे। खसरा और रजिस्ट्रार कार्यालय से मिली जानकारी के बाद दुबे से पूछताछ की गई, लेकिन वे आय के स्रोत नहीं बता सके।

इसके बाद विभाग की बेनामी संपत्ति विंग ने संपत्ति अटैच कर ली। सूत्रों का कहना है कि दुबे 2009-10 में पुलिस की नौकरी से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी 25 बेनामी संपत्ति अटैच की गई है। दुबे ने यह संपत्ति 20 वर्ष में अलग-अलग समय पर खरीदी थी। जो संपत्ति अटैच की गई है, उनमें 16 एकड़ जमीन, आठ प्लॉट और तीन मकान हैं। एक मकान 600 वर्गफीट में बना है।

इसके अलावा 30 लाख की एफडी भी है। जो जमीन अटैच की गई है, वह भोपाल के आसपास के गांवों में है। यह जमीन कहीं एक तो कहीं पांच एकड़ है। अधिकांश जमीनें भानपुर, बलरामपुर, छोला, बरखेड़ी अब्दुल्ला, मालीखेड़ी में हैं। सूखी सेवनिया में दुबे के नाम पर एक ढाबा भी मिला है, जो फिलहाल बंद है।

पत्नी, बेटे और बहू के नाम से खरीदी संपत्ति

दुबे ने यह संपत्ति पत्नी, बेटे और बहू के नाम से खरीदी थी। पूछताछ में पता चला कि इन लोगों को उनके नाम पर संपत्ति होने की जानकारी नहीं थी। विभाग ने जमीन बेचने वालों के भी बयान दर्ज किए हैं। सूत्रों का कहना है कि अधिकांश लेनदेन नकद राशि में किया गया है।

विभाग की ओर से दुबे से आगे भी पूछताछ की जाएगी। बताया जा रहा है कि उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज किया जा सकता है। नौकरी में रहने के दौरान दुबे द्वारा अवैध तरीके से कमाई का मामला सामने आता है तो संबंधित लोगों को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा।

बेटा पुजारी, एक हजार रुपये है मानदेय

दुबे का बेटा पुजारी है और उसे एक हजार रुपये मानदेय मिलता है। परिवार में अन्य किसी सदस्य के पास आय के ऐसे स्रोत नहीं मिले हैं, जिनके आधार पर करोड़ों की संपत्ति खरीदी जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here