जीवन में ऐसे कई पल आते हैं, जिन्हें संवारने का काम नारी ही करती है। मां, गुरु, बहन, पत्नी, पुत्री, मित्र सहित तमाम दायित्व निभाते हुए नारी न केवल घर, बल्कि बाहर भी कर्तव्यों को बखूबी निभाती है। इतिहास के पन्नाों से वर्तमान तक के सफर में नारी का समाज निर्माण में अतुल्य योगदान है। कर्तव्य पथ पर निरंतर बेहतर करने की चाह रखने वाली नारी ने कई प्रतिमान स्थापित किए हैं। समाज के लिए प्रेरणापुंज बनी नारी ने हर क्षेत्र में आदर्श स्थापित किए हैं। इन्हीं आदर्शों को नईदुनिया सम्मानित कर रहा है।
शनिवार शाम 4 बजे से श्री गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एसजीएसआइटीएस) के सभागृह में ‘नईदुनिया नायिका सम्मान 2022″ का आयोजन शुरू हुआ। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली नायिकाओं को सम्मानित किया जा रहा है। इस गरिमामय आयोजन में शिक्षा के जरिये समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाने वाली शिक्षक भी सम्मानित हो रही हैं, तो प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शहर के विकास में योगदान देने वाली नायिका भी। कोरोना महामारी के दौरान खुद की परवाह किए बिना औरों की मदद के लिए बाहर निकली मातृशक्ति को भी मंच पर सम्मानित किया जा रहा है। वहीं परिवार के सदस्य को हमेशा के लिए खो देने के बावजूद परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाली नारी शक्ति भी सम्मानित हो रही हैं।
समाजसेवा के लिए तत्पर रहने वाली महिला हो या कला के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान बनाने वाली सृजनकर्ता, अपराध के खिलाफ आवाज उठाने वाली महिला हो या उद्योग जगत में पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश की अर्थव्यवस्था में योगदान देने वाली उद्यमी, शहर को स्वच्छता के मापदंडों पर सतत खरा साबित करने वाली अधिकारी हो या कर्मचारी, दिव्यांगों की मदद कर उनके अधिकारों से उन्हें रूबरू कराने वाली जागरूककर्ता, इन सभी का सम्मान किया जा रहा है।