बिरसा थाना अंतर्गत रंमगड़ी समीप खर्रा धार बंजर नदी में बरामद की गई महिला की लाश की शिनाख्त रामेश्वरी पति राजेश बोपचे 32 साल ग्राम कोहका थानां बैहर निवासी के नाम से की गई। जो 9 अक्टूबर की शाम से गायब थी। इस महिला की गला घोट कर हत्या किए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है। किंतु पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूर्ण रूप से स्पष्ट हो पाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामेश्वरी का मायका ग्राम डोंगरिया मंडई थानां बिरसा का है। बताया गया है कि रामेश्वरी का पति राजेश बोपचे के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। जिससे दोनों की भी अनबन हो गई थी और अलग-अलग रहते थे। 9 अक्टूबर के कुछ दिन पहले ही दोनों के बीच समझौता हुआ था और दोनों साथ में रहने लगे थे। 9 अक्टूबर की शाम को रामेश्वरी ने अपनी मां को फोन करके बताई की वे लोग रामपुर सिवनी छत्तीसगढ़ी नाचा देखने आ रहे हैं। उसके बाद से रामेश्वरी लापता हो गई थी और वह घर में भी नहीं थी और रिश्तेदारी में भी नहीं गई थी। 12 अक्टूबर को दोपहर में खर्राधार बंजरनदी में एक महिला की लाश देखी गई। लाश पानी में रहने से काफी खराब हो चुकी थी। जिसकी पहचान कपड़ों के आधार पर रामेश्वरी पति राजेश बोपचे 32 वर्ष ग्राम कोहका निवासी के नाम से उसके मां और बहन ने की थी। 13 अक्टूबर को बिरसा के अस्पताल में रामेश्वरी की लाश का पोस्टमार्टम करने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया ।रामेश्वरी की गला घोट कर हत्या किये जाने की संभावना प्रबल है। किंतु रामेश्वरी की मौत का सही कारण जानने के लिए बिसरा जप्त किया गया है। जिसे जांच हेतु FSL जबलपुर भेजा जाएगा। आगे मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।