धान से भरे ट्रक की चपेट में आने से विजय डोंगरे की मौत

0

वारासिवनी थाना अंतर्गत वारासिवनी डोंगरमाली मार्ग स्थित कोसते नाले के पास में 5 जनवरी की दोपहर करीब 4:00 बजे मंगेझरी निवासी विजय डोंगरे धान से भरे ट्रक की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। उक्त दुखद घटना में सिकंदरा और कोसते के आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड की खराब हालत को लेकर मौके पर चक्का जाम कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनरत ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया परंतु उनके द्वारा क्षेत्रीय विधायक के आने पर ही चक्का जाम खत्म करने की बात पर अड़े रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगेझरी निवासी 40 वर्षीय विजय पिता नुलकरण डोंगरे ग्राम के आनंद पिता नारायण बिसेन उर्फ नाना पटेल के साथ कैरियर स्कूल से अपनी बेटी का दाखिला खारिज लेने और स्कूल की पूरी फीस जमा करने के लिए आया हुआ था। दोनों स्कूल पहुंचे परंतु स्टाफ मौजूद ना होने के कारण वह वारासिवनी से अपने आवश्यक कार्य पूर्ण कर वापस ग्राम मंगेझरी अपने घर के लिए जा रहे थे तभी कोसते नाले के पास में धान से भरे ट्रक को किनारे से पार कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक चालक के द्वारा ट्रक को उक्त व्यक्तियों की मोटरसाइकिल की ओर दबा दिया गया जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई और उसमें सवार विजय डोंगरे और आनंद बिसेन ट्रक के नीचे आ गये। जिसमें तत्काल मौके पर जा रहे एक व्यक्ति के द्वारा ट्रक को रोका गया और नीचे से दोनों व्यक्तियों को निकालने के लिए देखा गया तो तब तक ट्रक का पीछे का टायर विजय डोंगरे के पेट पर आ गया था और आनंद बिसेन भी थोड़ी ही दूरी पर था। जिसके बाद ग्रामीणों के द्वारा दोनों को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया जिसमें आनंद बिसेन को हल्की चोट थी तो वही विजय डोंगरे के पेट पर गंभीर मार थी जिसे तत्काल सिविल अस्पताल वारासिवनी लाया गया जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसे सिविल अस्पताल मैं फ्रीजर में रख दिया गया है जिसका 6 जनवरी कि सुबह पुलिस के द्वारा पोस्टमार्टम व आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

धान से भरी ट्रक की चपेट में आने से विजय डोंगरे की मौत के मामले में ग्रामीणों में वारासिवनी से डोंगरमाली मार्ग के खस्ताहाल अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए 1 सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों के द्वारा रोड पर पैरा और लकड़ी जलाकर बड़े-बड़े लट्ठों से रोड को बंद कर चक्का जाम किया गया। जिसकी सूचना पर तत्काल एसडीओपी वारासिवनी अरविंद श्रीवास्तव नायब तहसीलदार प्रतिभा पटेल थाना प्रभारी शंकर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चक्का जाम खत्म करने चर्चा की परंतु ग्रामीणों ने दो टूक में क्षेत्रीय विधायक प्रदीप जायसवाल के लिखित आश्वासन पर ही चक्का जाम खत्म करने की बात कहते हुए विधायक श्री जायसवाल को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जिस पर मौके पर विधायक श्री जायसवाल के प्रतिनिधि के रूप में जसवंत पटले और अनिरुद्ध दुबे पहुचे जिन्होंने प्रशासन के साथ ग्रामीणों से चर्चा की पर कोई हल नही निकला समाचार लिखे जाने तक चक्काजाम चलता रहा।

पद्मेश से चर्चा में घायल आनंद बिसेन ने बताया कि विजय डोंगरे का उसे फोन आया था कि बेटी के स्कूल जाकर फीस जमा कर दाखिल खारिज लेकर आना है। जिसके लिए हम वारासिवनी आए थे परंतु स्कूल में स्टाफ ना होने से हम वापस अन्य आवश्यक काम पूरे करने के बाद वापस अपने ग्राम मंगेझरी जा रहे थे। श्री बिसेन ने बताया कि हमारे सामने धान से भरा एक ट्रक जा रहा था जिसके बाजू से हम आगे निकल रहे थे तो उसने हमारे तरफ ट्रक को दबाया जिससे गाड़ी से हम दोनों ट्रक के नीचे आ गए विजय पीछे के टायर के नीचे आ जाने से उसकी मौत हो गई। किसी व्यक्ति ने ट्रक को रोका दिया तो मेरी जान बच गई वरना मेरे ऊपर से भी ट्रक चले जाता।

ग्रामीण ओम चौधरी ने बताया कि मंगेझरी निवासी विजय डोंगरे जो अपने गांव जा रहे थे वह मार्ग की खस्ताहाल के कारण दुर्घटना का शिकार हो गया जो ट्रक के नीचे आने से उनकी मौत हो गई है। इस मार्ग से रोजाना अनेकों ट्रक आवागमन करते हैं जिससे हर किसी को परेशानी होती है और रोड भी खराब हो चुकी है। श्री चौधरी ने बताया कि हमारी मांग है कि जिला कलेक्टर या क्षेत्रीय विधायक मौके पर पहुंचकर हमें लिखित आश्वासन दें कि यह मार्ग का निर्माण कब तक प्रारंभ होगा तभी चक्का जाम समाप्त किया जाएगा। क्योंकि इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और आए दिन हादसे होते रहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here