कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ब्रिटेन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में स्पीच दी। राहुल ने मंगलवार को भारत में विपक्षी पार्टियों, नेताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं की दिक्कतों का जिक्र किया था।
राहुल ने कहा, “मेरे फोन की जासूसी होती है। विपक्ष के खिलाफ केस दर्ज किए जाते हैं। भारत में विपक्षी नेता के तौर पर यह एक ऐसा दबाव है, जो लगातार झेलना पड़ता है।” राहुल की स्पीच का VIDEO सैम पित्रोदा ने शेयर किया है।
राहुल के इस बयान पर भाजपा ने ऐतराज जताया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा-‘राहुल विदेशी धरती पर भारत को बदनाम कर रहे हैं।
राहुल ने कैंब्रिज में दिए 3 बड़े बयान
1. मेरी बातें रिकॉर्ड की जाती थीं
राहुल ने कहा, “बड़े पैमाने पर राजनीतिक नेताओं के फोन में पेगासस है। मेरे फोन में भी पेगासस था। मुझे इंटेलिजेंस अफसरों ने बुलाकर कहा था कि आप फोन पर जो कुछ भी कहें, बेहद सतर्क होकर कहें, क्योंकि हम इसे रिकॉर्ड कर रहे हैं। यह एक ऐसा दबाव है, जो हम महसूस करते हैं।”
2. भारत में मीडिया और लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला
उन्होंने कहा, “विपक्ष के खिलाफ केस दर्ज किए जाते हैं। मेरे खिलाफ कई क्रिमिनल केस दर्ज किए गए हैं, लेकिन ये केस ऐसी चीजों के लिए दर्ज किए गए, जो आपराधिक नहीं थीं। जब देश में मीडिया और लोकतांत्रिक ढांचे पर इस तरह का हमला हो रहा हो तो विपक्ष के तौर पर आपके लिए लोगों से बात करना मुश्किल हो जाता है।”
3. विपक्षी नेता मुद्दों पर बात कर रहे थे, जेल में डाल दिया
राहुल बोले, “लोकतंत्र के लिए जरूरी ढांचा संसद, स्वतंत्र प्रेस, न्यायपालिका होते हैं। आज यह सब विवश होते जा रहे हैं। इसलिए हम भारतीय लोकतंत्र के मूल ढांचे पर हमले का सामना कर रहे हैं। भारतीय संविधान में भारत को राज्यों का संघ बताया है। उस संघ को बातचीत की जरूरत है। यह वह बातचीत है जो खतरे में है। आप देख सकते हैं तस्वीर जो संसद भवन के सामने की है। विपक्ष के नेता कुछ मुद्दों पर बात कर रहे थे, और उन्हें जेल में डाल दिया गया। ऐसा 3 या 4 बार हुआ है। जो हिंसक था।”