संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 के अंतिम परिणाम मंगलवार दोपहर जारी किए। बालाघाट से इस बार लांजी तहसील के ग्राम भुरसाडोंगरी की पल्लवी विजयवंशी ने 933 में 730वीं रैंक हासिल करने में सफलता अर्जित की है। लांजी जिले का घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। ऐसे क्षेत्र से पल्लवी ने सबसे मुश्किल परीक्षा माने जाने वाली यूपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल की है। परिणाम आने के बाद पल्लवी के परिवार में खुशी का माहौल है। पिता सीएल विजयवंशी लांजी में ही सावरी खुर्द में शासकीय विद्यालय में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, माता हेमलता विजयवंशी गृहणी हैं। पल्लवी के मामा नरेंद्र धुवारे ने बताया कि पल्लवी बचपन से पढ़ाई में हाेशियार है। उसने कड़ी मेहनत से इसमें सफलता पाई है। पल्लवी की बड़ी बहन पायल धबाड़े की शादी हो चुकी है, जो वर्तमान में महाराष्ट्र के तिरोड़ा के बड़ेगांव में रहती हैं। जबकि उनका छोटा भाई प्रशांत विजयवंशी सिविल इंजीनियर है और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। मां हेमलता ने बताया कि पल्लवी पिछले चार साल से दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। वहीं, पिता सीएल विजयवंशी ने बताया कि यह बेटी की परीक्षा नहीं बल्कि मेरी परीक्षा थी और आज मैं बेटी के साथ सफल हो गया। नरेंद्र धुवारे ने बताया कि पल्लवी ने जवाहर नवोदय विद्यालय वारासिवनी से बारहवीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने नागपुर के एक इंजीनियर कालेज से इलेक्ट्रानिक एंड कम्युनिकेशन की शिक्षा हासिल की। पल्लवी सिविल सेवाओं में जाना चाहती थी इसलिए वह पिछले चार साल से दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही थी।









































