महानायक अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार को अपनी खराब तबीयत संबंधित खबरों को फेक न्यूज कहकर खारिज कर दिया। आपको बता दें कि इससे पहले यह खबर आई थी कि अमिताभ के पैर में खून का थक्का जमने के कारण एंजियोप्लास्टी की गई है। लेकिन अमिताभ बच्चन ने खुद अब इन खबरों को भ्रामक बताया है। इन फेक न्यूज के वायरल होने के बाद शुक्रवार को उनके शुभचिंतकों व प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य के लेकर चिंता जताई थी।
इंटरनेट मीडिया में यह दावा किया गया था कि 81 वर्षीय अमिताभ बच्चन को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और फिर छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि अस्तपताल की ओर से इस संबंध में कोई पुष्टि भी नहीं की गई थी।
अमिताभ बच्चन ने जानकारी है कि वह नियमित जांच के लिए कोकिलाबेन अस्पताल गए थे। इस बीच अटकलों का बाजार गर्म हो गया। इसके बाद अमिताभ ने शुक्रवार को दोपहर में इंटरनेट मीडिया पर एक संदेश पोस्ट किया था, जिसमें कहा कि आप सभी का हमेशा आभार। इसके 1 घंटे बाद उन्होंने ‘स्ट्रीट प्रीमियर लीग’ के लिए बेटे अभिषेक की ‘माझी मुंबई’ टीम पर एक प्रचार वीडियो डाला। अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन गुरुवार रात दादोजी कोंडादेव स्टेडियम में इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (आइएसपीएल) मैच के दौरान देखे गए थे।
अमिताभ के स्वास्थ्य की चिंता
गौरतलब है कि साल 2022 में कौन बनेगा करोड़पति 14 की शूटिंग करते समय भी अमिताभ चोटिल हो गए थे। उनके पैर की नस एक मैटल के टुकड़े से कट गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। साल 2020 में बिग बी कोविड से संक्रमित हो गए थे। साल 2022 में वे दूसरी बार कोविड पाॅजिटिव हो गए थे, जिसके बाद वे दो महीने तक हाॅस्पिटल में एडमिट थे। ‘कुली’ फिल्म का किस्सा तो सभी जानते हैं। फिल्म की सेट पर एक्शन सीन के दौरान मार्शल आर्ट् पुनीत इस्सर ने उन्हें पेट में जोरदार मुक्का मार दिया था। इसके बाद उनकी हालत काफी गंभीर हो गई। अमिताभ की इमरजेंसी सर्जरी की गई, जिससे उनकी हालत में सुधार हुआ।