Bhopal News: एक किसान पर गिरी बिजली दूसरे की करंट ने ली जान

0

शुक्रवार शाम को राजधानी में अचानक बिगड़े मौसम के मिजाज से दो लोगों की जान चली गई। शहर के अलावा आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चलने से जहां एक दर्जन पेड़ गिर गए, वहीं बिजली गिरने और तार टूटने से लगे करंट से दो लोगों की मौत भी हो गई। घटना छोला मंदिर थाना इलाके और नजीराबाद क्षेत्र में हुई। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

नजीराबाद थाना पुलिस के मुताबिक प्रेमसिंह गुर्जर पुत्र रामगोपाल गुर्जर (40) किसानी करते थे। उनके खेत में वर्तमान में गेहूं की फसल लगी हुई है। बरसात को देखते हुए वह शीघ्र फसल कटवाना चाहते थे। इसके लिए शुक्रवार को वह फसल कटवाने के लिए मजदूरों को लेकर खेत पर गए थे। इस बीच शाम लगभग साढ़े चार बजे तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। अचानक तेज गर्जन के साथ खेत में बिजली गिरी। धूल छंटने पर मजदूरों ने देखा कि प्रेमसिंह खेत में पड़े हुए थे। उनका शरीर बिजली की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया था। घटना की सूचना मिलने पर परिवार को लोग प्रेमसिंह को लेकर बैरसिया स्थित सरकारी अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर वर्मा ने चेक करने के बाद प्रेमसिंह को मृत घोषित कर दिया। उधर छोला मंदिर थाना इलाके के ग्राम खेजड़ा बरामद में शनिवार सुबह एक किसान की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। थाना प्रभारी अनिल मोर्य ने बताया कि मुकेश पाल पुत्र श्यामलाल पाल किसानी करता था। फसल लगी रहने के कारण वह इन दिनों खेत में बने कमरे में ही सोता था। शुक्रवार को आंधी-पानी के दौरान बिजली का तार टूटकर खेत में गिर गया था। सुबह मुकेश ने खेत में तार टूटा पड़ा देखा। लाइट चालू करने के लिए वह तार जोड़ना चाहता था। जैसे ही उसने तार को छुआ, करंट लगने से मौके पर बेसुध हो गया। परिजन खेत पर पहुंचे तो घटना का पता चला। वे लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां चेक करने के बाद डॉक्टर ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here