लैंड फॉर जॉब्स स्कैम मामले में लालू परिवार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव से CBI ऑफिस में पूछताछ हो रही है तो लालू की बेटी मीसा से ED सवाल-जवाब कर रही है।
CBI ऑफिस पहुंचने से पहले तेजस्वी ने कहा कि हमने जांच एजेंसियों को हमेशा सहयोग किया है। देश का माहौल आजकल आप देख ही रहे हैं। झुकना बहुत आसान है। लड़ना बहुत मुश्किल है। हम लोग लड़ेंगे और जीतेंगे।
तेजस्वी से पूछताछ दिल्ली के CBI दफ्तर में हो रही है। इससे पहले CBI ने तेजस्वी यादव को तीन बार समन दिया था, लेकिन तेजस्वी पत्नी के बीमार होने की बात कह कर पेश नहीं हुए थे।
इसके बाद तेजस्वी CBI के समन को रद्द करने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गए थे। कोर्ट ने डिप्टी CM की CBI के समन को रद्द करने वाली याचिका को खारिज कर दिया था।
हालांकि CBI ने कोर्ट में कहा कि वे फिलहाल तेजस्वी यादव को गिरफ्तार नहीं करेंगे। CBI आज तेजस्वी यादव से कुछ दस्तावेज दिखाकर उनसे पुष्टि करेगी। ये दस्तावेज लैंड फॉर जॉब्स मामले से जुड़े हुए हैं।
कांग्रेस की जिम्मेदारी क्षेत्रीय पार्टियों को आगे करें: अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि रीजनल पार्टियों के साथ हमेशा ऐसा ही व्यवहार होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी बनती है कि क्षेत्रीय पार्टियों को आगे करें और उनके साथ खड़े हो जिससे भाजपा का मुकाबला किया जा सके।
भाजपा के नेता कह रहे हैं कि पिछड़ों का अपमान हो गया। भाजपा के लोगों ने जब मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धौया तब अपमान नहीं हुआ था?










































