गूगल ने 2017 से अब तक प्लेस्टोर से जोकर मालवेयर वाले 17 सौ से अधिक एप हटा दिए हैं। साइबर सुरक्षा से जुड़े विशेषज्ञों ने कहा है कि उन्होंने गूगल प्लेस्टोर पर कुल दो लाख डाउनलोड के साथ छह एप खोजे हैं जो जोकर मैलवेयर से संक्रमित थे। इनमें स्कैनर 2, सेफ्टी एप लॉक, पुश मैसेज, इमोजी वाल्पर, सेपेरेट डॉक स्कैनर, फिंगरट्रिप गेम बॉक्स एप शामिल हैं। गूगल ने इन सभी एप को प्लेस्टोर से हटा दिया है, लेकिन ये एप अब भी लोगों की मोबाइल में डाउनलोड हैं जो उपयोगकर्ताओं के लिए खतरे का सबब बनने हुए हैं। पिछले वर्ष सौ से ज्यादा एप में मेलवेयर की मौजूदगी पाई गई थी। इसे पहचानना आसान नहीं होता। साइबर सिक्योरिटी फर्म प्रेडियो ने उपयोगकर्ताओं को इन एप को तुरंत हटाने को सुझाव दिया है। इस साल जुलाई में भी साइबर सिक्योरिटी फर्म के शोधकर्ताओं ने गूगल प्लेस्टोर पर जोकर ड्रॉपर और प्रीमियम डायलर स्पाइवेयर के एक नए साफ्टवेयर को पकड़ा था जो कई तरह की गड़बड़ियां करने में सक्षम था। यह उपयोगकर्ता की अनुमति के बिना ही कई सेवाओं को शुरू करा देता था।