सरकार ने जुलाई में गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) से होने वाले कलेक्शन का आंकड़ा जारी कर दिया है। यह 1 लाख 16 हजार 393 करोड़ रुपए रहा, जबकि जून में कलेक्शन का आंकड़ा 92,849 करोड़ रुपए रहा था। वित्त मंत्रालय ने रविवार को GST रेवेन्यू कलेक्शन का डेटा जारी किया है।
GST कलेक्शन सालाना आधार पर 33% बढ़ा
जुलाई में GST का ग्रॉस कलेक्शन का डेटा साल भर पहले से 33% ज्यादा है। वित्त मंत्रालय के मुताबिक कोविड-19 से जुड़ी पाबंदियों ढील से जुलाई में GST कलेक्शन का आंकड़ा एक बार फिर 1 लाख करोड़ रुपए के पार निकल गया। इसे इकोनॉमी में तेजी से रिकवरी के तौर पर देखा जा रहा है। इससे पहले देश में कोरोना की दूसरी लहर से लागू जगह-जगह लॉकडाउन से कलेक्शन का आंकड़ा जून में 8 महीने बाद 1 लाख करोड़ रुपए से नीचे आ गया था।
जारी डेटा के मुताबिक कुल GST कलेक्शन में केंद्र सरकार का हिस्सा यानी CGST का हिस्सा 22,197 करोड़ रुपए, राज्यों का हिस्सा यानी SGST का हिस्सा 28,541 करोड़ रुपए, इंटीग्रेटेड यानी IGST का 57,864 करोड़ रुपए और सेस का 7,790 करोड़ रुपए शामिल है।
GST कलेक्शन का यह आंकड़ा 1 जुलाई से 31 जुलाई के बीच का है। इस दौरान टैक्स से जुड़ी कई रियायतें दी गई हैं, जिसमें ITR फाइलिंग की डेडलाइन को 15 दिनों तक बढ़ाया जाना भी शामिल है। इसके अलावा ब्याज दरों में कटौती भी की गई है। सरकार ने रेगुलर सेटलमेंट के तौर पर जुलाई में IGST से 28,087 करोड़ रुपए का CGST और 24,100 करोड़ रुपए का SGST सेटल किया।